काल भैरव धाम में शराब की बोतलों का चढ़ावा, रायसेन के इस मंदिर में हर शनिवार उमड़ती हजारों भक्तों की भीड़

वहीं दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का कहना है कि उन्होंने इस दरबार की ख्याति काफी सुनी थी, जिसके बाद वे यहां हाजिरी लगाने पहुंचे हैं

  • Written By:
  • Publish Date - March 15, 2026 / 12:07 PM IST

रायसेन (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के रायसेन (Raisen) जिले में आस्था (Faith) और परंपरा (Tradition) से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में देसी और विदेशी शराब (Liquor) की बोतलें लेकर पहुंच रहे हैं। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर ग्राम सांचेत में स्थित काल भैरव धाम में भक्त शराब की बोतलें चढ़ाकर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना करते हैं।

बताया जा रहा है कि यहां ऐसी मान्यता है कि बाबा काल भैरव को शराब चढ़ाने से भक्तों की हर इच्छा पूरी होती है। इसी विश्वास के चलते हर शनिवार को सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं और शराब की बोतलें अर्पित कर मन्नत मांगते हैं।

रायसेन जिले के ग्राम सांचेत स्थित काल भैरव धाम इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। हर शनिवार यहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। मंदिर में आने वाले श्रद्धालु अपने साथ शराब की बोतलें लेकर आते हैं और मान्यता के अनुसार काल भैरव को अर्पित करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाबा काल भैरव को शराब चढ़ाने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और उनके बिगड़े काम भी बन जाते हैं।

यही वजह है कि मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना सहित कई राज्यों से भी श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में हर शनिवार को बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ देखने को मिलती है।

धाम के पीठाधीश्वर नाना गुरु सरकार का कहना है कि प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और बाबा काल भैरव से अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं। उनका दावा है कि यहां आने वाले कई लोगों ने बाबा की कृपा से शराब की लत भी छोड़ दी है।

वहीं दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का कहना है कि उन्होंने इस दरबार की ख्याति काफी सुनी थी, जिसके बाद वे यहां हाजिरी लगाने पहुंचे हैं। उनका विश्वास है कि बाबा काल भैरव के आशीर्वाद से उनके कई बिगड़े काम बन गए और मनोकामनाएं पूरी हुई हैं।

हालांकि आस्था और अंधविश्वास के बीच की यह परंपरा अब चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां भक्त अपनी मन्नत पूरी होने की उम्मीद में काल भैरव को शराब अर्पित कर रहे हैं।