जबलपुर : जबलपुर शहर (Jabapur city) में बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री और जबलपुर पश्चिम के विधायक राकेश सिंह ने खुद मोर्चा संभाला. उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों का दौरा कर प्रस्तावित यातायात सुधार योजनाओं का निरीक्षण किया और नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार से विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी ली. मंत्री सिंह ने बताया कि शहर के लिए लंबी अवधि की सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तैयार की जा रही है और राज्य सरकार लगातार इस पर कार्य कर रही है. हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विधानसभा के द्वितीय अनुपूरक बजट में जबलपुर जिले के विकास कार्यों के लिए लगभग 550 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं. यह राशि प्रदेश के मुख्य बजट 3200 करोड़ रुपए का हिस्सा है.
यातायात सुधार के तहत प्रमुख परियोजना के रूप में लगभग 350 करोड़ रुपए की लागत से थ्री-लेग फ्लाईओवर बनाने की मंजूरी दी गई है. यह परियोजना केंद्र के CIRF फंड से पूरी होगी और शहर के व्यस्त मार्गों को जाम मुक्त करने में मदद करेगी. थ्री-लेग फ्लाईओवर के प्रमुख मार्ग होंगे: पहला लेग बंदरिया तिराहा से हवाबाग कॉलेज तक, दूसरा लेग ग्रेनेडियनर चौक से शक्ति भवन तक और तीसरा लेग ग्रेनेडियनर चौक से रामपुर छापर तक.
मंत्री सिंह ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने पर शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा और नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी. इसके साथ ही शहर के एंट्री पॉइंट अंधमुख चौराहा को आकर्षक और सुंदर बनाने का भी प्रस्ताव है ताकि जबलपुर में आने वाले लोगों को शहर की अच्छी छवि मिले. वर्तमान में लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की टीमें संयुक्त रूप से सड़कों और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में तेजी से कार्य कर रही हैं.