बजट 2026 में बड़ा विजन: 2047 तक 2 ट्रिलियन डॉलर GSDP और 22 लाख प्रति व्यक्ति आय का लक्ष्य

By : hashtagu, Last Updated : February 18, 2026 | 4:30 pm

भोपाल, 18 फरवरी 2026। मध्य प्रदेश की Mohan Yadav सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए वर्ष 2047 तक राज्य के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) को 2 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 250 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंचाने और प्रति व्यक्ति वार्षिक आय (Per Capita Income) को 22.35 लाख रुपये करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। सरकार ने इसे ‘मध्यप्रदेश@2047’ विजन का हिस्सा बताया है, जिसके तहत राज्य को विकसित (Developed State) बनाने की योजना है।

बजट का आकार 4,38,317 करोड़ रुपये रखा गया है। बजट भाषण में कहा गया कि राज्य की अर्थव्यवस्था को तेज गति देने, निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक विकास बढ़ाने और रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए कई नीतिगत फैसले किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि मजबूत आधारभूत संरचना, कृषि विकास, उद्योग विस्तार और सेवा क्षेत्र की वृद्धि से यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अग्रिम अनुमानों के अनुसार मध्य प्रदेश का जीएसडीपी लगभग 16.69 लाख करोड़ रुपये आंका गया है और विकास दर 11.14 प्रतिशत दर्ज की गई है। वर्तमान में राज्य की प्रति व्यक्ति आय लगभग 1.69 लाख रुपये प्रतिवर्ष है। सरकार का लक्ष्य है कि अगले दो दशकों में इसे बढ़ाकर 22 लाख रुपये से अधिक किया जाए।

विपक्ष ने इस लक्ष्य को अत्यंत महत्वाकांक्षी बताते हुए सवाल उठाए हैं कि क्या मौजूदा संसाधनों और आर्थिक स्थिति में यह संभव हो पाएगा। वहीं सरकार का दावा है कि दीर्घकालिक आर्थिक सुधार, निजी निवेश और निर्यात बढ़ाने की रणनीति से राज्य 2047 तक नई ऊंचाइयों को छू सकता है।