बुरहानपुर के रास्ते राहुल का मध्यप्रदेश में प्रवेश, बोले- डर से मुक्ति हमारा लक्ष्य
By : hashtagu, Last Updated : November 23, 2022 | 11:17 am

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने बुरहानपुर के रास्ते बुधवार सुबह मध्यप्रदेश में प्रवेश कर लिया। राहुल ने बुरहानपुर में कहा ये यात्रा हमने कन्याकुमारी में शुरू की थी। जब हमने शुरू की तो विपक्ष के लोगों ने कहा था कि हिंदुस्तान 3600 किमी लंबा है। यह पैदल नहीं किया जा सकता। हम मध्यप्रदेश में आए हैं। यहां 370 किमी चलेंगे। यह तिरंगा हम श्रीनगर में लहराएंगे। इसे कोई नहीं रोक सकता। यह तिरंगा श्रीनगर जाएगा। यात्रा के पीछे 3 लक्ष्य है। सबसे पहला- जो नफरत, हिंसा और डर हिंदुस्तान में फैलाया जा रहा है, उसके खिलाफ यह यात्रा है। देखिए, तरीका क्या है BJP का। सबसे पहले डर फैलाओ। किनके दिल में डर। युवाओं के दिल में डर। कैसे-बेरोजगारी बढ़ाकर। किसानों के दिल में डर। कैसे- सही दाम न देकर। बीमा का पैसा न देकर, कर्जा माफ न कर के। मजदूरों के दिल में डर। मनरेगा का पैसा न देकर। पहले ये डर फैलाते हैं। जब यह डर फैल जाता है, तब हिंसा में बदल देते हैं।
कांग्रेस के पूर्व राष्टीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में दाखिल हुई। इस यात्रा के बोदरली गांव पहुंचने पर जोरदार व परंपरागत तरीके से स्वागत किया गया। राहुल गांधी की यात्रा का काफिला बुधवार की सुबह महाराष्ट्र के जलगांव जामोद से रवाना हुआ था। बोरदली पहुंचने पर राहुल गांधी की आरती उतारी गई। यहां परंपरागत तरीके से उनका स्वागत किया गया। बंजारा लोक नृत्य कलाकार रीना नरेंद्र पवार ने लोक नृत्य पेश कर अगवानी की। पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने स्वागत करते हुए कहा कि यात्रा को सबसे ज्यादा जनसमर्थन मध्यप्रदेश में मिलेगा।
राहुल गांधी की यात्रा के साथ पूर्व मुख्यंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के अलावा तमाम नेता साथ चल रहे है।
ज्ञात हेा कि राज्य में राहुल गांधी की यात्रा बुरहानपुर, खरगोन, खंडवा, इंदौर, उज्जैन व आगर से होकर गुजरने वाली है। इस यात्रा के लिए अलग-अलग थीम बनाई गई है। एक-एक दिन को बलिदानी सम्मान यात्रा, अन्नदाता सम्मान यात्रा, श्रम शक्ति सम्मान यात्रा, दिव्यांग सम्मान यात्रा, वरिष्ठ जन सम्मान यात्रा, प्रबुद्ध जन सम्मान यात्रा, व्यापार जगत सम्मान यात्रा, नारी सम्मान यात्रा, जय जवान यात्रा, खिलाड़ी सम्मान यात्रा, कला सम्मान यात्रा, सर्वधर्म सर्व समाज सम्मान यात्रा और कोरोना श्रद्धांजलि यात्रा के रूप में मनाया जाएगा।
LIVE: #BharatJodoYatra | Boderli village to Transport Nagar | Burhanpur | Madhya Pradesh https://t.co/oWqwXkaX6m
— Bharat Jodo (@bharatjodo) November 23, 2022