कोलकाता / उज्जैन। राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता (National School Games) में हिस्सा लेने गए उज्जैन के होनहार राष्ट्रीय जिम्नास्ट (National Gymnast) उज़ैर अली की इलाज के दौरान मौत हो गई। 17 वर्षीय उज़ैर 12 जनवरी को मध्य प्रदेश की टीम के साथ कोलकाता पहुंचे थे। 16 जनवरी को प्रतियोगिता से पहले वार्म-अप (Warm-up) के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें तत्काल कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 14 दिनों तक इलाज चला, लेकिन 28 जनवरी को उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद टीम के कोच और मैनेजर ने जिम्मेदारी नहीं निभाई। उज़ैर के मामा डॉ. साकिब ने कहा कि जब परिवार कोलकाता पहुंचा, तब तक कोच और मैनेजर अस्पताल से चले गए थे और बाद में संपर्क भी नहीं किया। परिवार का कहना है कि समय पर उचित देखभाल और निगरानी होती तो उज़ैर की जान बचाई जा सकती थी।
परिजनों ने बताया कि सांसद अनिल फिरोजिया और पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से मदद जरूर की गई, लेकिन इलाज के दौरान उज़ैर की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इस घटना के बाद खेल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
वहीं टीम मैनेजर रामसिंह बनिहार ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि हादसे के तुरंत बाद उज़ैर को अस्पताल ले जाया गया था और डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई थी। परिवार को समय पर सूचना दी गई और इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई। उन्होंने बताया कि टीम में 43 खिलाड़ी शामिल थे और प्रतियोगिता के चलते सभी व्यवस्थाएं संभालना जरूरी था।
उज़ैर अली बचपन से ही जिम्नास्टिक्स में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे। वे राज्य स्तर पर कई प्रतियोगिताएं जीत चुके थे और प्रदेश के टॉप जिम्नास्ट माने जाते थे। उनके प्रदर्शन के आधार पर ही उन्हें राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता के लिए चुना गया था। यह हादसा प्रतियोगिता से ठीक पहले वार्म-अप के दौरान हुआ।
उज़ैर का पार्थिव शरीर इंदौर लाया जाएगा, इसके बाद उज्जैन में अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुखद घटना से खेल जगत में शोक की लहर है और परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।