महाकुंभ में वायरल हुई मोनालिसा ने बॉयफ्रेंड फरमान खान से की शादी, केरल मंदिर में पुलिस सुरक्षा के बीच हुआ विवाह

रिपोर्ट के मुताबिक मोनालिसा और फरमान खान ने तिरुवनंतपुरम के पास स्थित अरुमनूर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज (Hindu Rituals) से विवाह किया।

  • Written By:
  • Publish Date - March 12, 2026 / 08:58 PM IST

तिरुवनंतपुरम, केरल। महाकुंभ मेले (Mahakumbh Mela) में वायरल होकर चर्चा में आई मोनालिसा भोंसले (Monalisa Bhonsle) ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल के एक मंदिर में शादी कर ली। यह विवाह पुलिस सुरक्षा (Police Protection) के बीच कराया गया। मोनालिसा पिछले साल महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला और कंगन बेचते समय सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं और इसके बाद उन्हें “महाकुंभ गर्ल” के नाम से पहचान मिली।

रिपोर्ट के मुताबिक मोनालिसा और फरमान खान ने तिरुवनंतपुरम के पास स्थित अरुमनूर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज (Hindu Rituals) से विवाह किया। दोनों पिछले लगभग छह महीनों से रिश्ते में थे। उनकी शादी में स्थानीय लोगों और कुछ सामाजिक-राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी भी देखी गई।

बताया जा रहा है कि शादी से पहले मोनालिसा ने केरल पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। उनका कहना था कि परिवार उनके इस रिश्ते के खिलाफ था और पिता उन्हें जबरन अपने शहर वापस ले जाना चाहते थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से फैसला लेने के लिए स्वतंत्र हैं।

मोनालिसा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह शादी के बाद बहुत खुश हैं और उन्होंने केरल को इसलिए चुना क्योंकि उन्हें यहां का माहौल और लोगों का समर्थन पसंद आया। फरमान खान ने भी कहा कि उनकी यह प्रेम कहानी करीब छह महीने पुरानी है, लेकिन उन्हें लगता है जैसे वे एक-दूसरे को बहुत लंबे समय से जानते हैं।

गौरतलब है कि मोनालिसा भोंसले मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं। महाकुंभ मेले में उनकी आंखों और सादगी भरे अंदाज के वीडियो वायरल होने के बाद वह अचानक इंटरनेट सेंसेशन बन गई थीं। वायरल होने के बाद उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से भी ऑफर मिलने लगे और वे एक फिल्म प्रोजेक्ट के सिलसिले में केरल पहुंची थीं, जहां उनकी मुलाकात फरमान खान से हुई और दोनों ने शादी करने का फैसला किया।