मुंबई में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, दिल्ली से गोवा जा रही थी

हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि फ्लाइट का इंजन हवा में ही फेल हो गया था, लेकिन इंडिगो ने इंजन फेल होने की पुष्टि नहीं की है।

  • Written By:
  • Publish Date - July 17, 2025 / 12:03 AM IST

मुंबई: मुंबई एयरपोर्ट पर बुधवार रात इंडिगो (Indigo flight) की फ्लाइट 6E 6271 की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह विमान दिल्ली से गोवा जा रहा था। उड़ान के दौरान तकनीकी दिक्कत सामने आने पर फ्लाइट को डायवर्ट कर मुंबई में सुरक्षित उतारा गया।

हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि फ्लाइट का इंजन हवा में ही फेल हो गया था, लेकिन इंडिगो ने इंजन फेल होने की पुष्टि नहीं की है। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी सामने आई थी और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को मुंबई एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।

इंडिगो ने कहा है कि उड़ान दोबारा शुरू करने से पहले फ्लाइट की पूरी जांच की जाएगी। यात्रियों को मुंबई से गोवा पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है।

फ्लाइट ट्रैकर के अनुसार, यह विमान दिल्ली से रात करीब 8 बजे उड़ान भरा था और तय समय से लगभग आधा घंटा देरी हुई थी। लेकिन गोवा पहुंचने से पहले ही रात 10 बजे इसे मुंबई में लैंड कराना पड़ा।

गौरतलब है कि एक दिन पहले मंगलवार को भी दिल्ली से पटना जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E2482 की लैंडिंग के समय टेक्निकल इमरजेंसी आई थी। रनवे पर टच करने के बाद विमान दोबारा उड़ गया और कुछ मिनट बाद दोबारा लैंडिंग कराई गई। इस दौरान यात्रियों की सांसें थम गईं।

पटना एयरपोर्ट के छोटे रनवे के कारण पायलट ने टचिंग पॉइंट ओवरशूट करने पर विमान को फिर से ऊपर उठा लिया था। कुछ देर हवा में चक्कर लगाने के बाद फ्लाइट को सफलतापूर्वक उतार लिया गया।

इसी बीच, बीते महीने 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के 32 सेकंड के भीतर क्रैश हो गई थी, जिसमें 270 लोगों की मौत हो गई थी। जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि उस हादसे में दोनों इंजन फेल हो गए थे।