नई दिल्ली: नई दिल्ली के वसंत कुंज (Vasant Kunj) इलाके में स्थित एक प्रसिद्ध आश्रम के निदेशक पर 17 छात्राओं ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट में पढ़ रही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं ने स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी पर अश्लील मैसेज भेजने, गाली-गलौच करने और जबरन शारीरिक संपर्क बनाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, अब तक 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 17 ने सीधे-सीधे स्वामी चैतन्यानंद पर आरोप लगाए हैं। पीड़ित छात्राओं का कहना है कि कुछ महिला फैकल्टी और प्रशासनिक स्टाफ ने भी उन पर आरोपी की बात मानने का दबाव बनाया। कुछ वार्डन ने खुद इन छात्राओं को आरोपी से मिलवाया था।
VIDEO | Delhi Police has booked a self-styled godman, Swami Chaitanyananda Saraswati alias Parth Sarthy, after several female students of a management institute accused him of sexual harassment. Despite raids and surveillance, the accused remains on the run.
Visuals show Swami… pic.twitter.com/LxahSF2CCv
— Press Trust of India (@PTI_News) September 24, 2025
इन बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी बाबा के खिलाफ यौन उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। डीसीपी साउथ-वेस्ट अमित गोयल ने बताया कि आश्रम और आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की गई है। हालांकि आरोपी अभी भी फरार है और आखिरी बार उसे आगरा के आसपास देखा गया था। फिलहाल पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर रही हैं।
जांच के दौरान पुलिस को आश्रम के बेसमेंट में खड़ी एक वोल्वो कार मिली, जो आरोपी इस्तेमाल करता था। जांच में पाया गया कि उस कार पर फर्जी राजनयिक नंबर प्लेट (39 UN 1) लगी हुई थी। पुलिस ने यह कार जब्त कर ली है।
आरोपों के सामने आने के बाद आश्रम प्रशासन ने स्वामी चैतन्यानंद को उसके पद से हटा दिया और संस्था से निष्कासित कर दिया। यह आश्रम दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मठ दक्षिणाम्नाय श्री शारदा पीठ, श्रृंगेरी की एक शाखा है।
पीठ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि स्वामी चैतन्यानंद की गतिविधियां न केवल अनुचित हैं, बल्कि पूरी तरह अवैध और संस्था के सिद्धांतों के खिलाफ हैं। इसलिए पीठ ने आरोपी के साथ सभी संबंध खत्म कर दिए हैं।