अभिषेक बनर्जी पर हमला: हेलमेट पहनकर आगे बढ़े TMC नेता, बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी और मारपीट का आरोप

जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में हालिया चुनावी हिंसा में मारे गए टीएमसी कार्यकर्ता संजू कर्मकार के परिवार से मिलने पहुंचे थे।

  • Written By:
  • Publish Date - May 30, 2026 / 08:00 PM IST

कोलकाता/सोनारपुर (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल (West Bengal) के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress-TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) पर शनिवार को कथित हमला होने के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अभिषेक बनर्जी जब चुनाव बाद हिंसा (Post-Poll Violence) से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे, उसी दौरान उनके काफिले पर विरोध प्रदर्शन हुआ। आरोप है कि इस दौरान उन पर पत्थर, अंडे फेंके गए और धक्का-मुक्की तथा मारपीट की गई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि उन्हें सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनकर आगे बढ़ना पड़ा। घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में हालिया चुनावी हिंसा में मारे गए टीएमसी कार्यकर्ता संजू कर्मकार के परिवार से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों के एक समूह ने उनका विरोध शुरू कर दिया। टीएमसी ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे भाजपा समर्थकों का हाथ है और यह पूरी घटना राजनीतिक रूप से प्रायोजित थी।

हमले के बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि उन पर जानलेवा हमला किया गया और उन्हें निशाना बनाकर पत्थर तथा अन्य वस्तुएं फेंकी गईं। उन्होंने दावा किया कि एक ईंट उनकी आंख के पास लगी और पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। अभिषेक ने कहा कि “वे मुझे मारना चाहते थे, लेकिन मैं यहां से हटूंगा नहीं।” उन्होंने मामले को अदालत तक ले जाने की बात भी कही है।

घटना के बाद टीएमसी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला और कहा कि विपक्षी दल लोकतांत्रिक गतिविधियों को रोकने के लिए हिंसा का सहारा ले रहा है। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जनता के गुस्से को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भी घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की राजनीतिक हिंसा स्वीकार नहीं की जा सकती। पार्टी नेताओं ने सवाल उठाया कि अभिषेक बनर्जी की यात्रा के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं थी।

गौरतलब है कि हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में राजनीतिक तनाव लगातार बना हुआ है। विभिन्न इलाकों से चुनाव बाद हिंसा, हमले और राजनीतिक टकराव की घटनाएं सामने आई हैं। इसी कड़ी में अभिषेक बनर्जी प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर रहे थे।

हमले के बाद सोनारपुर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति और चुनाव बाद हिंसा के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया है।