2028 चुनाव के लिए सीएम विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को दिए 4 मंत्र, बोले- जनता के बीच जाकर योजनाओं का लाभ पहुंचाएं

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूलमंत्र के साथ काम कर रहे हैं

  • Written By:
  • Publish Date - July 12, 2026 / 11:38 AM IST

रायपुर (छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) ने भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए चार महत्वपूर्ण मंत्र (Mantras) दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार (Behaviour) में मधुरता रखनी चाहिए और “मुंह में मिश्री, सिर पर बर्फ” का मंत्र अपनाते हुए जनता के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं (Welfare Schemes) का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना चाहिए। यह बातें उन्होंने रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संयुक्त प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में कहीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और देश सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भाजपा के 61 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्य हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी के तहत किए गए अधिकांश वादों को राज्य सरकार ने पूरा कर दिया है। अब कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनता से लगातार संवाद बनाए रखने, सकारात्मक व्यवहार अपनाने और पार्टी के प्रति समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ मैदान में उतरेंगे तो वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से बड़ी जीत दर्ज करेगी।