कॉकरोच जनता पार्टी का बड़ा आरोप, सोशल मीडिया अकाउंट हैक, वेबसाइट बंद; सरकार पर कार्रवाई का दावा

अभिजीत दिपके ने कहा कि पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट, निजी इंस्टाग्राम प्रोफाइल और एक्स हैंडल तक उनकी पहुंच खत्म हो गई है।

  • Written By:
  • Publish Date - May 24, 2026 / 12:18 PM IST

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party) ने बड़ा आरोप लगाया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स (Social Media Accounts) हैक (Hack) कर दिए गए हैं और वेबसाइट (Website) भी बंद कर दी गई है। दिपके ने इसे एक सुनियोजित कार्रवाई और डिजिटल क्रैकडाउन (Digital Crackdown) बताया है।

अभिजीत दिपके ने कहा कि पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट, निजी इंस्टाग्राम प्रोफाइल और एक्स हैंडल तक उनकी पहुंच खत्म हो गई है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी का मुख्य एक्स अकाउंट पहले ही भारत में रोका जा चुका था और बैकअप अकाउंट भी कुछ समय के लिए हटा दिया गया। साथ ही पार्टी की वेबसाइट भी बंद हो गई है।

दिपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि फिलहाल पार्टी के किसी भी आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उनका नियंत्रण नहीं है और अब जो भी पोस्ट किए जा रहे हैं उन्हें आधिकारिक बयान न माना जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह सब उस अभियान के बाद शुरू हुआ जिसमें पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।

कॉकरोच जनता पार्टी पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर अचानक चर्चा में आई थी। यह एक व्यंग्यात्मक डिजिटल आंदोलन के रूप में सामने आई, जिसने बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर ऑनलाइन अभियान शुरू किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्लेटफॉर्म को खासकर युवाओं के बीच बड़ी संख्या में समर्थन मिला।

इस बीच कुछ भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में बड़ी संख्या पाकिस्तान से जुड़ी हुई है। इस पर अभिजीत दिपके ने जवाब देते हुए कहा कि उनके 94 प्रतिशत यूजर्स भारतीय हैं और गलत दावे किए जा रहे हैं।

वहीं दूसरी ओर हिसार पुलिस और साइबर सेल ने लोगों को फर्जी कॉकरोच जनता पार्टी लिंक से सावधान रहने की सलाह दी है। पुलिस के मुताबिक कुछ साइबर अपराधी इस नाम का इस्तेमाल कर फिशिंग लिंक भेज रहे हैं, जिनसे लोगों की निजी और बैंकिंग जानकारी चोरी की जा सकती है।