मुंबई: महाराष्ट्र में गुरुवार को नगर निकाय चुनाव (local bodies elections) के लिए मतदान जारी है। राज्य की 29 नगर निगमों में वोट डाले जा रहे हैं और सबसे ज्यादा ध्यान मुंबई महानगरपालिका पर केंद्रित है। देश की सबसे अमीर नगर निकाय मानी जाने वाली बृहन्मुंबई महानगरपालिका की सत्ता को लेकर राजनीतिक दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
मतदान सुबह से शुरू हुआ और शाम तक चलेगा। इन चुनावों में कुल 893 वार्डों की 2,800 से ज्यादा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। राज्यभर में करीब साढ़े तीन करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। अकेले मुंबई में ही बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
चुनाव को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुंबई सहित सभी प्रमुख शहरों में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। किसी भी तरह की गड़बड़ी से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क है।
इन चुनावों को महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि कई नगर निगमों का कार्यकाल पिछले कुछ वर्षों में खत्म हो चुका था। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नतीजों से आने वाले समय में राज्य की सियासी दिशा और दलों की ताकत का अंदाजा लगेगा।
मतदान के बाद सभी की नजरें अब मतगणना पर टिकी हैं, जिसके नतीजे शुक्रवार को सामने आएंगे।