मोदी बने भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री, दुनिया के नेताओं ने दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी के इस रिकॉर्ड पर विभिन्न देशों के नेताओं ने उनके नेतृत्व, सार्वजनिक सेवा और भारत के विकास में योगदान की सराहना की।

  • Written By:
  • Publish Date - June 10, 2026 / 05:59 PM IST

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रचते हुए देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 10 जून 2026 को उन्होंने लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दुनिया भर के कई राष्ट्राध्यक्षों और वैश्विक नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।

प्रधानमंत्री मोदी के इस रिकॉर्ड पर विभिन्न देशों के नेताओं ने उनके नेतृत्व, सार्वजनिक सेवा और भारत के विकास में योगदान की सराहना की। कई नेताओं ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति को और मजबूत किया है।

अमेरिका में भारत के राजदूत सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके दशकों के समर्पित सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व का प्रमाण है। वहीं इजराइल के राजदूत रियुवेन अजार ने कहा कि मोदी ने व्यापक आर्थिक सुधारों के जरिए भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और देश को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाया है।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने भी प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें एक दूरदर्शी राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिष्ठा को नई मजबूती दी है। वहीं मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि यह उपलब्धि भारत के विकास, समृद्धि और वैश्विक प्रभाव को आगे बढ़ाने में उनके वर्षों के समर्पित नेतृत्व का प्रमाण है।

रूस ने भी प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धि की सराहना की। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि मोदी के कार्यकाल में करोड़ों लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। उन्होंने भारत-रूस संबंधों को मजबूत बनाने में मोदी की भूमिका की भी प्रशंसा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज कर तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला। अब लगातार 12 वर्षों की सेवा के साथ वह भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार कार्यरत रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।

इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्र सरकार और भाजपा ने इसे भारतीय लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भी देशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन ने उन्हें राष्ट्र सेवा का अवसर दिया है और सरकार आगे भी विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहेगी।