पीओके में पाकिस्तान सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश, सभी सैन्यकर्मियों की मौत; तकनीकी खराबी बताई गई वजह

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के अनुसार शुरुआती जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी (Technical Fault) सामने आई है

  • Written By:
  • Publish Date - June 10, 2026 / 06:30 PM IST

मुजफ्फराबाद: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में बुधवार को पाकिस्तान सेना का एक एमआई-17 (Mi-17) सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। पाकिस्तान सेना ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हेलिकॉप्टर मुजफ्फराबाद के पास उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के अनुसार शुरुआती जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी (Technical Fault) सामने आई है। दुर्घटना के तुरंत बाद बचाव और राहत दलों को घटनास्थल पर भेजा गया तथा पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के लिए जांच बोर्ड का गठन किया गया है।

रिपोर्टों के अनुसार हेलिकॉप्टर नीलम वैली सेक्टर में अतिरिक्त सैनिकों को ले जा रहा था। उड़ान भरने के दौरान तकनीकी समस्या आने पर आपातकालीन लैंडिंग की कोशिश की गई, लेकिन हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पाकिस्तान सेना ने कहा कि हादसे में कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा।

हालांकि सेना ने आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या नहीं बताई है, लेकिन कई मीडिया रिपोर्टों में हेलिकॉप्टर में 21 सैन्यकर्मी सवार होने और सभी के मारे जाने का दावा किया गया है। इस संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हाल के दिनों में तनाव और विरोध प्रदर्शनों की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि पाकिस्तानी सेना ने स्पष्ट किया है कि अभी तक दुर्घटना और क्षेत्र में चल रहे प्रदर्शनों के बीच किसी संबंध के संकेत नहीं मिले हैं।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृत सैन्यकर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुर्घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।