मुंबई: दक्षिण मुंबई के गिरगांव स्थित एक लग्जरी (Luxury) होटल में चल रहे कथित देह व्यापार (Sex Racket) के रैकेट का मुंबई पुलिस की मानव तस्करी निरोधक (Anti Human Trafficking Cell) शाखा ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान दो अभिनेत्रियों (Actresses) को वहां से सुरक्षित छुड़ाया गया, जबकि पूरे नेटवर्क का एजेंट (Agent) बनकर काम करने के आरोप में एक मेकअप आर्टिस्ट (Make-up Artist) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मानव तस्करी निरोधक शाखा को इस रैकेट के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि करने के लिए पुलिस ने एक डिकॉय ग्राहक भेजा। सौदा तय होने के बाद पुलिस टीम ने होटल पर छापा मारा और मौके से दो महिलाओं को मुक्त कराया। इनमें एक मराठी फिल्म उद्योग की अभिनेत्री है, जबकि दूसरी अभिनेत्री हिंदी और बंगाली फिल्मों में कैमियो तथा सहायक भूमिकाएं निभा चुकी है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार मेकअप आर्टिस्ट कथित तौर पर एजेंट के रूप में काम कर रहा था और महिलाओं को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका संचालन कब से किया जा रहा था और होटल से जुड़े अन्य लोगों की इसमें कोई भूमिका थी या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।