महंगाई और वैश्विक संकट पर पीएम मोदी की बड़ी अपील, बोले- वर्क फ्रॉम होम अपनाएं, विदेश में शादी और गैरजरूरी गोल्ड खरीदारी से बचें
By : hashtagu, Last Updated : May 10, 2026 | 10:30 pm
By : hashtagu, Last Updated : May 10, 2026 | 10:30 pm
हैदराबाद, तेलंगाना: मध्य पूर्व (Middle East) में बढ़ते तनाव, वैश्विक सप्लाई चेन (Global Supply Chain) पर असर और तेल बाजार में उथल-पुथल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने देशवासियों से जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है। रविवार को हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि देशभक्ति केवल सीमा पर जान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि मुश्किल समय में जिम्मेदारी से जीवन जीना और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करना भी सच्ची देशभक्ति है।
భారతదేశం అభివృద్ధిలో కొత్త శిఖరాలను అధిరోహిస్తూనే ఉంది. అయితే అదే సమయంలో మనం అధిగమించాల్సిన ఎన్నో సవాళ్లు కూడా ఉన్నాయి.
ఈ సందర్భంగా తోటి భారతీయులకు ఇదే నా విజ్ఞప్తి. pic.twitter.com/tggpC1i6OB
— Narendra Modi (@narendramodi) May 10, 2026
प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के कारण दुनियाभर में आर्थिक संकट, सप्लाई चेन की दिक्कतें और महंगाई बढ़ रही है। ऐसे समय में हर भारतीय को देश की अर्थव्यवस्था मजबूत रखने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील करते हुए कहा कि जहां मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हैं, वहां उनका ज्यादा इस्तेमाल किया जाए। कार पूलिंग को बढ़ावा दिया जाए और माल परिवहन के लिए रेलवे को प्राथमिकता दी जाए।
पीएम मोदी ने इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (Electric Vehicles) के उपयोग को भी जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत होगी और पर्यावरण को भी फायदा मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कोरोना काल के दौरान अपनाए गए उपायों को फिर से लागू करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित में वर्क फ्रॉम होम (Work From Home), ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस और वर्चुअल मीटिंग्स को बढ़ावा दिया जाना चाहिए ताकि ईंधन की खपत कम हो सके।
पीएम मोदी ने लोगों से विदेशी यात्राओं और विदेश में शादियों से बचने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि इससे देश का विदेशी मुद्रा भंडार सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने एक साल तक गैरजरूरी सोने की खरीदारी नहीं करने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने खाने के तेल की खपत कम करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ देश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि लोगों की सेहत को भी फायदा पहुंचेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि देश कठिन वैश्विक परिस्थितियों का सामना कर रहा है और इससे निपटने के लिए सरकार के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।