गुजरात विधान सभा चुनाव के लिए भाजपा शनिवार को जारी करेगी संकल्प पत्र
By : hashtagu, Last Updated : November 25, 2022 | 11:24 pm

बताया जा रहा है कि पार्टी अपने संकल्प पत्र में गुजरात के विकास के मॉडल को और तेजी से लागू करने की रूपरेखा के बारे में जानकारी देने के साथ ही मतदाताओं को डबल इंजन की सरकार के आगामी लक्ष्यों के बारे में भी बातएगी। संकल्प पत्र में भाजपा जल्द से जल्द राज्य में समान नागरिक संहिता कानून लागू करने का वादा भी कर सकती है। आपको बता दें कि , गुजरात सरकार की कैबिनेट ने हाल ही में राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए इसके लिए एक कमेटी बनाने की घोषणा की थी।
गुजरात में दो चरणों में 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को मतदान होना है। राज्य में 1 दिसंबर को 89 और 5 दिसंबर को 93 विधान सभा सीटों पर मतदान होना है। भाजपा राज्य में लगातार सातवीं बार सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ रही है। भाजपा नेता यह दावा कर रहे हैं कि पार्टी इस बार अब तक की सबसे ज्यादा सीटों पर जीत हासिल कर ऐतिहासिक बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस है, जो इस बार एक रणनीति के तहत लो-प्रोफाइल प्रचार अभियान के जरिए भाजपा को मात देने का दावा कर रही है। इन दोनों राजनीतिक दलों के बीच आम आदमी पार्टी चुनाव को त्रिकोणीय बनाने का पुरजोर प्रयास कर रही है। तीनों राजनीतिक दलों के अपने-अपने दावे हैं , हालांकि जनता का जनादेश किसे मिला है यह तो 8 दिसंबर को होने वाली मतगणना में ही साफ हो पाएगा।