कांग्रेस ने तीन मंत्रियों को दिया भानुप्रतापपुर का जिम्मा

By : hashtagu, Last Updated : November 22, 2022 | 7:47 am

प्रदेश कांग्रेस ने भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के संचालन के समिति का गठन कर लिया है। कांकेर की प्रभारी मंत्री अनिला भेड़िया सहित तीन मंत्रियों, तीन विधायकों और दो सांसदों सहित 19 नेताओं को इसमें शामिल किया गया है। संचालन समिति में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और आबकारी मंत्री कवासी लखमा को भी बड़ी भूमिका दी गई है। इससे पहले कांग्रेस अपने 43 विधायकों सहित करीब 70 नेताओं को सेक्टर प्रभारी बनाकर चुनावी मैदान में तैनात कर चुकी है।

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री संगठन अमरजीत चावला ने सोमवार शाम को चुनाव संचालन समिति की घोषणा की। इसमें तीन मंत्रियाें के अलावा बस्तर सांसद दीपक बैज और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम को रखा गया है। उनके अलावा बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, कांकेर विधायक शिशुपाल शोरी और अंतागढ़ विधायक अनूप नाग को भी चुनाव संचालन समिति में रखा गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और कांकेर के जमीनी नेता राजेश तिवारी, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, प्रदेश महामंत्री रवि घोष को भी संचालन समिति का सदस्य बनाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस के जिला प्रभारी पियूष कोसरे के अलावा युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्षों को भी समिति में पदेन शामिल किया गया है। इस समिति मेें कांकेर की जिलाध्यक्ष सुभद्रा सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमंत ध्रुव और चुनाव में टिकट के दावेदार रहे बीरेश ठाकुर को भी जिम्मेदारी मिली है। यह चुनाव संचालन समिति उप चुनाव में प्रचार अभियान की रणनीति और क्रियान्वयन की निगरानी करेगी।