कोयला दलाल के जरिए कांग्रेस ने 3 हजार करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार को दिया अंजाम, नेता प्रतिपक्ष ने कहा महतारी हुंकार रैली में खोलेंगे पोल

By : hashtagu, Last Updated : November 7, 2022 | 7:51 pm

बाेले, कोयले में 3 हजार करोड़ रुपये की अवैध वसूली, राज्य सरकार श्वेत पत्र जारी कर बताये कहां गया जनता का पैसा

बिलासपुर। प्रदेश में काेयला परिवहन में करीब 3 हजार करोड़ रुपए के अवैध वसूली का आरोप भाजपा के विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने लगाया। उन्होंने ईडी की जांच में पाये गये सबूतों के आधार पर इस भ्रष्टाचार का ठीकरा सत्तासीन पार्टी कांग्रेस के सिर पर फोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 4 साल से कोयला आपूर्ति में भ्रष्टाचार अफसरों और दलालों के माध्यम से कर रही थी। लेकिन अब पूरा मामला ईडी के जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है। कहा कि प्रति टन 25 रुपए के हिसाब से 3 हजार करोड़ रुपए की वसूली की गई है। पूछा कि यह जनता का पैसा है। उगाही और भ्रष्टाचार पर राज्य सरकार श्वेत पत्र जारी करे और बताएं कि आखिर यह पैसा कहां गया। कहा कि जनता कांग्रेस के लूटतंत्र को अब जान चुकी है। इस बार विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को धूल चटा देगी। यह बातें छत्तीसगढ़ भवन में मीडिया से बातचीत करते नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कही।

11 नवंबर को महतारी हुंकार रैली में जनता के सामने सरकार की पोल खोलेगी भाजपा

भाजपा 11 नवंबर को महतारी हुंकार रैली के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा सहित अन्य पार्टी के कार्यकर्ता जनता के सामने कांग्रेस सरकार के रैवैये की पोल खोलेगी। इस रैली में शराबबंदी व महिलाओं पर अत्याचार जैसे मुद्दे शामिल रहेंगे। विपक्षी पार्टी होने के नाते हमारा नैतिक कर्तव्य है कि सरकार की खामियों को जनता के सामने लाया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि भानूप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता की राय से ही प्रत्याशी तय किया जाएगा।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास स्मृति ईरानी भी होगीं शामिल!

वैसे महतारी हुंकार रैली की रुपरेखा तय की जा चुकी है। इसमें महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाती श्रीनिवासन सहित प्रदेश के भाजपा नेता और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति ईरानी के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि आईटी रेड के बाद जिस अनुपात में संपत्तियां मिलीं थीं, उसी समय अफसरों ने तय किया था। कहा कि हिन्दुस्तान के इतिहास में यह पहला मामला होगा, जब किसी कलेक्टर के बंगले को ईडी ने सील किया है। जहां करोड़ों रुपए की बेनामी संपत्ति मिली है। लेकिन इधर अभी प्रशासन ने महतारी हुंकार रैली करने की अनुमति नहीं प्रदान की है। जिससे भाजपा में भारी रोष व्याप्त है।

कांग्रेस की सरकार आने के 5 माह में हो गया था मोह भंग

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 2018 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 68 व भाजपा 15 सीट पाई थी। लेकिन 5 माह बाद ही लोकसभा चुनाव में मतदान की गणना करें तो भाजपा 68 और कांग्रेस 15 विधानसभा में आगे रही। बहरहाल, अब दलालों से घिरी सरकार के भ्रष्टाचार ईडी ने खुलासे कर दिए हैं। जिसे जनता देख और समझ भी रही है। यहां अब जनता में बदलाव का वक्त अब पछताव में बदल चुका है।