भारत न्यूट्रल नहीं शांति के साथ खड़ा मोदी ने पुतिन संग मुलाकात में दिया मजबूत संदेश

By : hashtagu, Last Updated : December 5, 2025 | 1:53 pm

नई दिल्ली: नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात ने भारत रूस रिश्तों को नई दिशा दी। बैठक की शुरुआत में पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा कि भारत यूक्रेन युद्ध पर न्यूट्रल नहीं है बल्कि शांति के पक्ष में खड़ा है। उन्होंने कहा कि दुनिया को आज फिर से शांति की जरूरत है और भारत हर शांति प्रयास का समर्थन करता है।

पुतिन ने भी यूक्रेन में शांति बहाल करने के लिए भारत की कोशिशों की सराहना की और कहा कि रूस भी शांति चाहता है। दोनों नेताओं की चर्चा के बाद कुछ ही देर में 23वीं भारत रूस समिट शुरू हुई जहां 25 से अधिक समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना जताई गई।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन का सुबह राष्ट्रपति भवन में 21 तोपों की सलामी के साथ स्वागत हुआ। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उन्होंने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया ने कोविड से लेकर कई वैश्विक संकट झेले हैं और उम्मीद है कि ये चुनौतियां जल्द ही पार हो जाएंगी। उन्होंने पुतिन की यात्रा को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इस यात्रा से रिश्तों में नई मजबूती जुड़ रही है।

मोदी ने याद किया कि पुतिन पहली बार वर्ष 2000 में भारत आए थे और उसी दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की मजबूत नींव रखी गई। उन्होंने कहा कि वे पुतिन को 25 सालों से जानते हैं और उनकी दूरदर्शिता ने भारत रूस संबंधों को भरोसेमंद और मजबूत बनाया है।

प्रधानमंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि भारत शांति के हर कदम के साथ है और भारत रूस के रिश्ते आगे और ऊंचाइयां छुएंगे।