कर्नाटक में बड़ा सत्ता परिवर्तन: सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार होंगे नए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी तस्वीरों में सिद्धारमैया और शिवकुमार एक-दूसरे को गले लगाते दिखाई दिए। वहीं एक तस्वीर में डीके शिवकुमार सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आए।

  • Written By:
  • Publish Date - May 28, 2026 / 07:01 PM IST

बेंगलुरु, कर्नाटक: कर्नाटक की राजनीति (Politics) में गुरुवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। मुख्यमंत्री (Chief Minister) सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और अब उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) डीके शिवकुमार राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। कांग्रेस हाईकमान (High Command) के निर्देश के बाद यह फैसला लिया गया। सिद्धारमैया ने अपना इस्तीफा राज्यपाल के विशेष सचिव प्रभु शंकर को लोक भवन में सौंपा। उस समय राज्यपाल थावरचंद गहलोत शहर में मौजूद नहीं थे और निजी कारणों से इंदौर गए हुए थे।

सिद्धारमैया ने गुरुवार सुबह अपने सरकारी आवास पर कैबिनेट मंत्रियों के लिए नाश्ता बैठक बुलाई थी। इसी बैठक में उन्होंने मंत्रियों को अपने इस्तीफे की जानकारी दी और बताया कि डीके शिवकुमार उनके उत्तराधिकारी होंगे। बैठक में डीके शिवकुमार समेत कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी तस्वीरों में सिद्धारमैया और शिवकुमार एक-दूसरे को गले लगाते दिखाई दिए। वहीं एक तस्वीर में डीके शिवकुमार सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आए।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व लंबे समय से कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन पर विचार कर रहा था। पार्टी के अंदर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के समर्थकों के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा चल रही थी। आखिरकार हाईकमान ने नेतृत्व बदलने का फैसला किया और सिद्धारमैया ने इस्तीफा दे दिया।

सिद्धारमैया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर पद छोड़ा है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी का आभार भी जताया। साथ ही उन्होंने साफ किया कि उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं है और वह विधायक के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।

डीके शिवकुमार को कांग्रेस का मजबूत संगठनात्मक नेता माना जाता है। 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद से ही यह चर्चा थी कि सत्ता में ढाई-ढाई साल का फार्मूला लागू हो सकता है। अब सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। उनके समर्थकों ने बेंगलुरु में जश्न भी मनाना शुरू कर दिया है।

सिद्धारमैया के इस्तीफे के साथ ही कर्नाटक की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है। कांग्रेस अब डीके शिवकुमार के नेतृत्व में अगले चुनावों की तैयारी करेगी।