कर्नाटक में बड़ा सियासी भूचाल! सिद्धारमैया कल दे सकते हैं इस्तीफा, राज्यपाल से मुलाकात ने बढ़ाई हलचल

बताया जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया को राज्यसभा सीट और राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव भी दिया है ताकि कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ हो सके।

  • Written By:
  • Publish Date - May 27, 2026 / 06:54 PM IST

बेंगलुरु (कर्नाटक): कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) के इस्तीफे (Resignation) को लेकर सियासी अटकलें (Speculation) तेज हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक सिद्धारमैया ने गुरुवार को राज्यपाल (Governor) से मिलने का समय मांगा है, जिसके बाद कांग्रेस सरकार में नेतृत्व परिवर्तन (Leadership Change) की चर्चाएं और तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि अगर सिद्धारमैया इस्तीफा देते हैं तो उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान पिछले कुछ दिनों से कर्नाटक में नेतृत्व बदलाव को लेकर लगातार बैठकें कर रहा है। दिल्ली में हुई बैठकों के बाद पार्टी के भीतर हलचल और बढ़ गई है। डीके शिवकुमार समर्थक लंबे समय से उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि 2023 विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता साझा करने का समझौता हुआ था।

कांग्रेस विधायक अशोक पट्टन ने दावा किया है कि सिद्धारमैया गुरुवार दोपहर 3 बजे के बाद इस्तीफा दे सकते हैं। इस बयान के बाद डीके शिवकुमार खेमे में उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व ने फिलहाल किसी भी बदलाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि मुख्यमंत्री बदलने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है और जब निर्णय होगा तब जानकारी दी जाएगी।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया को राज्यसभा सीट और राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव भी दिया है ताकि कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ हो सके। हालांकि इस पर अभी तक सिद्धारमैया की ओर से कोई अंतिम सहमति सामने नहीं आई है।

इसी बीच सिद्धारमैया ने बुधवार को कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ नाश्ते पर बैठक भी की। इस बैठक के बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गईं। विपक्षी भाजपा भी कांग्रेस के अंदरूनी विवाद पर लगातार निशाना साध रही है और इसे सत्ता संघर्ष बता रही है।

कर्नाटक की राजनीति में अब सबकी नजर गुरुवार पर टिकी हुई है। अगर सिद्धारमैया इस्तीफा देते हैं तो राज्य में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।