असम में पूर्वोत्तर की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी का उद्घाटन, PM मोदी ने C-130J से की ऐतिहासिक लैंडिंग

करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से मोरन बायपास पर तैयार की गई यह सुविधा आपात स्थिति में डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट के विकल्प के रूप में काम करेगी।

  • Written By:
  • Publish Date - February 14, 2026 / 02:20 PM IST

डिब्रूगढ़ (असम)। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने असम के डिब्रूगढ़ जिले के मोरन में पूर्वोत्तर भारत की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (Emergency Landing Facility) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने भारतीय वायुसेना के C-130J विमान से विशेष रूप से तैयार रनवे पर लैंडिंग कर ऐतिहासिक शुरुआत की। यह सुविधा राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर लगभग 4.2 किलोमीटर लंबे मजबूत किए गए स्ट्रेच पर विकसित की गई है, जिसे सैन्य और नागरिक दोनों तरह के विमानों के उपयोग के लिए डिजाइन किया गया है।

करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से मोरन बायपास पर तैयार की गई यह सुविधा आपात स्थिति में डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट के विकल्प के रूप में काम करेगी। इस रनवे पर फाइटर जेट, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और टेकऑफ संभव है। रणनीतिक दृष्टि से यह पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उद्घाटन कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma और वायु सेना प्रमुख A P Singh समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान भारतीय वायुसेना ने एयर शो भी प्रस्तुत किया, जिसमें सुखोई और राफेल जैसे लड़ाकू विमानों ने करतब दिखाए।

सरकार का कहना है कि यह इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों और सामरिक जरूरतों के समय तेज तैनाती में मदद करेगी। पूर्वोत्तर में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है।