प्रियंका गांधी ने संसद में पीएम मोदी पर साधा निशाना, वंदे मातरम् चर्चा को बताया चुनावी साज़िश

केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "हमारा राष्ट्रगीत उस भावना का प्रतीक है जिसने गुलामी में सोए भारत को जगाया।

  • Written By:
  • Publish Date - December 8, 2025 / 04:58 PM IST

नई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) ने सोमवार को लोकसभा में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर हुई चर्चा में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भाषण तो अच्छे देते हैं, लेकिन तथ्यों में कमजोर हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि वंदे मातरम् पर संसद में चर्चा की जरूरत नहीं थी क्योंकि यह गीत देश के हर हिस्से में गहराई से बसा है और देश की भावना से जुड़ा है। उन्होंने दावा किया कि यह बहस केवल दो कारणों से हो रही है: पहला, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री की भूमिका; और दूसरा, स्वतंत्रता संग्राम और कुर्बानियों को लेकर नई राजनीति।

केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, “हमारा राष्ट्रगीत उस भावना का प्रतीक है जिसने गुलामी में सोए भारत को जगाया। लेकिन सरकार ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वर्तमान और भविष्य की ओर नहीं देखना चाहती और प्रधानमंत्री मोदी का आत्मविश्वास घटने लगा है। प्रियंका गांधी ने कहा, “उनके अपने लोग भी अब दबी जुबान में कहने लगे हैं कि सारी सत्ता को केंद्रीकृत करने से देश को नुकसान हो रहा है।”

प्रियंका गांधी के भाषण ने वंदे मातरम् पर हो रही संसद चर्चा को राजनीतिक दृष्टिकोण से जोड़ते हुए सत्तापक्ष पर सवाल उठाए। यह बहस आगामी पश्चिम बंगाल चुनाव के सन्दर्भ में भी काफी अहम मानी जा रही है।