स्मृति इरानी बोलीं, लाख 16 गरीबों ने क्या पाप किया था उनके परिवार की छतें छीन ली गईं

By : madhukar dubey, Last Updated : November 11, 2022 | 10:33 pm

महतारी हुंकार रैली में बोलीं, ये एतिहासिक भीड़ प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर

छत्तीसगढ़। कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा द्वारा बिलासपुर में आयोजित महतारी हुंकार रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पहुंचीं थी। जहां उन्होंने भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ये एतिहासिक भीड़ इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर चल चुकी है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा हाथ में गंगाजल लेकर छलने निकले कांग्रेस नेता बताएं महिलाओं के साथ लगातार अत्याचार, अपराध क्यों हो रहे हैं। जनता की तिजोरी कैसे लूटी जाए इसमें सरकार की रुचि है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वो भाजपा के सवालों का जवाब नहीं देंगे। मैं सरकार से पूछना चाहती हूं कि विपदा की घड़ी में एक तरफ मोदी घर-घर अनाज पहुंचा रहे थे, दूसरी तरफ यहां सरकार लोगों के घर में शराब पहुंचा रही थी। सब जानते हैं कि यहां कि सरकार का रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में है। सत्ता हो या संगठन ये केवल पैसे लूटने का काम करते हैं। मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की गरीब जनता ने क्या पाप किया, सरकार ने 16 लाख परिवारों की छत छीन ली। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पूरे देश की जनता को मिल रहा है। लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने इस योजना को ही बंद कर दिया है। यहां भ्रष्टाचार अपनी जड़ें जमा चुका है, कांग्रेसी खुद की तिजोरी भरने में लगे हैं। जनता सब जान चुकी है।

मंच पर महिला कार्यकर्ताओं ने किया स्मृति ईरानी का स्वागत

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के संबोधन से पूर्व वहां मौजूद महिला नेत्रियों ने माला फूल से उनका स्वागत किया। जैसे ही केंद्रीय मंत्री मंच पर पहुंची कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। मंच पर केंद्रीय मंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद सरोज पांडेय, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, रमन सिंह समेत तमाम नेता मौजूद रहे।।

केंद्रीय मंत्री बोलीं-ये दहाड़ रैली है, सरकार अब बोरिया बिस्तर बांध ले

इसके पहले जनसभा में मंच को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि यह हुंकार नहीं पहाड़ रैली है, दहाड़ रैली शुरू हो गई है, सरकार अपना बोरिया बिस्तर बांध ले। सिंह ने कहा कि जब सरकार बनानी थी तब शराब बंदी की बात कही थी, लेकिन अब घर घर शराब बिक रही है। प्रदेश अध्यक्ष साव ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेसियों ने सुना है स्मृति ईरानी आ रही हैं तब से वे थर- थर कांप रहे हैं, डर गए हैं। डरना भी चाहिए, ये वही स्मृति ईरानी हैं जिन्होंने अमेठी में राहुल गांधी को चुनाव में हरा दिया था।

काला झंडा दिखाने पहुंचे कांग्रेसी पुलिस हिरासत में

इधर, कांग्रेस ने महंगाई, रेल बंदी सहित केंद्र सरकार के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को काला झंडा दिखाने पहुंचे। जिन्हें पुलिसकर्मियों हिरासत में ले लिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे थे।