दिल्ली में बिहार विजय का जश्न, PM मोदी के तीखे हमले—कांग्रेस को बताया ‘मुस्लिम लीगी माओवादी पार्टी’
By : dineshakula, Last Updated : November 14, 2025 | 9:33 pm
By : dineshakula, Last Updated : November 14, 2025 | 9:33 pm
नई दिल्ली: दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) शाम 6 बजकर 51 मिनट पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं का गमछा लहराकर अभिवादन किया। कार्यकर्ताओं ने भी गमछा लहराकर उनका स्वागत किया।
NDA को बिहार की 243 में से 202 सीटों पर जीत मिली है, जबकि महागठबंधन केवल 35 सीटों तक सिमट गया। बहुमत के लिए 122 सीटें चाहिए होती हैं। भाजपा और जेडीयू ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि LJP को 29 व HAM व RLM को 6-6 सीटें दी गई थीं।
प्रधानमंत्री ने 42 मिनट का भाषण दिया और कहा कि “बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। कट्टा राज अब कभी वापस नहीं आएगा।” उन्होंने मंच से छठी मईया के जयकारे भी लगाए और कहा कि “जो छठ पूजा को ड्रामा कहते हैं, वे बिहार की इज्जत क्या करेंगे?”
मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस, आरजेडी, पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अब “मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस—MMC” बन गई है। उनका दावा था कि पार्टी के भीतर एक नया धड़ा बन रहा है और आगे बड़ा विभाजन हो सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं में पूरे देश में ऊर्जा बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की तरह ही पश्चिम बंगाल में भी भाजपा सत्ता में आएगी।
मोदी ने कहा कि आने वाले 5 सालों में बिहार में तेजी से निवेश होगा, नए उद्योग लगेंगे और युवाओं को राज्य में ही रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन और आस्था स्थलों का भी विकास किया जाएगा।
कांग्रेस-आरजेडी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने सहयोगियों के वोट बैंक को भी खत्म कर रही है। उन्होंने कहा कि आरजेडी में इस हार के बाद बेचैनी है और कांग्रेस-आरजेडी का झगड़ा जल्द सामने आएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की यह जीत एक नई यात्रा की शुरुआत है और लोगों का भरोसा भाजपा पर जिम्मेदारी और बढ़ाता है।
बिहार की जनता का धन्यवाद🙏
Victory Celebrations at BJP headquarters in New Delhi.#NDA_कहे_आभार_बिहार https://t.co/tWWf9yRuVm
— BJP (@BJP4India) November 14, 2025