वर्ल्डकप में IND-PAK मैच-पाकिस्तानियों से हाथ नहीं मिलाएगी टीम इंडिया
By : hashtagu, Last Updated : February 15, 2026 | 3:53 pm
By : hashtagu, Last Updated : February 15, 2026 | 3:53 pm
कोलंबो, श्रीलंका। टी-20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले बड़ा विवाद सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक टीम इंडिया पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएगी (No Handshake)। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय खिलाड़ी इस मैच में पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाएंगे। इससे पहले पिछले साल एशिया कप (Asia Cup) के दौरान भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। यह फैसला पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में लिया गया था।
कोलंबो में यह मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाएगा, लेकिन मौसम भी मैच का समीकरण बिगाड़ सकता है। मौसम विभाग ने 50 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है। हालांकि मैच के समय बारिश की आशंका करीब 10 प्रतिशत बताई जा रही है। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि पूरा मैच बिना रुकावट के हो सकेगा।
भारत और पाकिस्तान की टीमें पिछले साल एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने हुई थीं। 28 सितंबर 2024 को खेले गए उस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया था। अब एक बार फिर दोनों टीमें विश्व कप के मंच पर भिड़ने जा रही हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ बेहद मजबूत रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 7 में भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 1 मैच में सफलता मिली है। टी-20 इंटरनेशनल में भी भारत का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच कुल 16 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें 13 भारत और 3 पाकिस्तान ने जीते हैं।
भारत 2007 और 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुका है। टीम इंडिया ने 2007 में अपना पहला खिताब पाकिस्तान को फाइनल में हराकर जीता था। दूसरी ओर पाकिस्तान 2009 का चैंपियन है और 2007 व 2022 में रनर-अप रह चुका है।
मौजूदा टूर्नामेंट में भारत लगातार 10 मैच जीत चुका है। 2024 वर्ल्ड कप में टीम ने 8 मुकाबले जीते थे और 2026 में अब तक 2 जीत दर्ज कर यह सिलसिला कायम रखा है। यह रिकॉर्ड टीम इंडिया के दबदबे को साबित करता है।
इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों के सामने पाकिस्तान के गेंदबाज उस्मान तारिक की चुनौती होगी। श्रीलंकाई पिच पर उनकी रफ्तार में बदलाव, रुक कर गेंदबाजी करना और अलग एंगल से अटैक करना भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है।
अब सबकी नजरें कोलंबो पर टिकी हैं, जहां एक तरफ राजनीतिक और भावनात्मक माहौल गर्म है, वहीं दूसरी ओर बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है। क्रिकेट फैंस को एक और रोमांचक भारत-पाक मुकाबले का इंतजार है।