बर्मिंघम, इंग्लैंड: महिला टी-20 विश्व कप 2026 में भारत (Team India) ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
भारत की जीत की सबसे बड़ी नायिका स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा रहीं। स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 68 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन का योगदान दिया, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने सिर्फ 17 गेंदों में तेजतर्रार 34 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में सादिया इकबाल और कप्तान फातिमा सना ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं तस्मिया रुबाब और रामीन शमीम को 1-1 सफलता मिली।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। नियमित अंतराल में विकेट गिरते रहे और टीम कभी भी लक्ष्य के करीब पहुंचती नजर नहीं आई। पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला।
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 10 रन देकर 5 विकेट झटके। टी-20 विश्व कप में यह उनका यादगार प्रदर्शन रहा। श्री चरणी ने 3 विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी, जबकि शेफाली वर्मा को भी 1 विकेट मिला।
इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपने अभियान को मजबूती दी और नेट रन रेट में भी महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। भारत-पाकिस्तान मुकाबले में मिली इस एकतरफा जीत ने भारतीय टीम का मनोबल और बढ़ा दिया है।
भारत की प्लेइंग इलेवन:
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन:
मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, सायरा जबीन, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रामीन शमीम, नशरा संधू, तस्मिया रुबाब, सादिया इकबाल।