भारत 2025 पुरुष टी20 एशिया कप की मेजबानी करेगा, बांग्लादेश होगा वनडे प्रारूप में 2027 संस्करण का मेजबान

पाकिस्तान और श्रीलंका ने संयुक्त रूप से 50 ओवर प्रारूप में 2023 का पुरुष एशिया कप आयोजित किया था, जिसमें भारत विजेता रहा था।

  • Written By:
  • Publish Date - July 29, 2024 / 05:09 PM IST

नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। भारत 2025 में टी20 फॉर्मेट में पुरुष एशिया कप (Asia Cup) की मेजबानी करेगा, जबकि बांग्लादेश 2027 में इस टूर्नामेंट के 50 ओवर के संस्करण की मेजबानी करेगा।

पाकिस्तान और श्रीलंका ने संयुक्त रूप से 50 ओवर प्रारूप में 2023 का पुरुष एशिया कप आयोजित किया था, जिसमें भारत विजेता रहा था।

भारत ने इससे पहले केवल एक बार 1990/91 में पुरुष एशिया कप की मेजबानी की थी, जिसमें वह कोलकाता के ईडन गार्डन में चैंपियन बना था। टेंडर डॉक्यूमेंट में यह भी कहा गया है कि पुरुष एशिया कप के दोनों भविष्य के संस्करणों में प्रति संस्करण 13 मैच होंगे।

महिला टी20 एशिया कप 2026 में खेला जाएगा, हालांकि स्थान का नाम नहीं बताया गया है, इसमें कुल 15 मैच होंगे। टेंडर डॉक्यूमेंट में पुरुष अंडर-19 एशिया कप भी शामिल है, जो क्रमशः 2024, 2025, 2026 और 2027 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक संस्करण में 15 मैच खेले जाएंगे।

इसके अलावा पुरुष इमर्जिंग टीम एशिया कप, 2024 और 2026 (टी20), 2025 और 2027 (50 ओवर) में खेला जाएगा। टेंडर राइट साइकिल में महिला इमर्जिंग टीम एशिया कप के दो संस्करण भी हैं – जिसमें 2025 और 2027 में क्रमशः प्रत्येक संस्करण में 15 मैच खेले जाएंगे।

एशियन क्रिकेट काउंसिल ने टेंडर डॉक्यूमेंट में कहा है कि इच्छुक पार्टियों के पास 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की नेटवर्थ होनी चाहिए या 31 मार्च, 2024 तक उनका वार्षिक कारोबार 15 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक होना चाहिए। 2024 से 2027 तक के प्रायोजन अधिकारों के लिए ईओआई जमा करने की अंतिम तिथि 2 अगस्त, शाम 5 बजे दुबई के समयानुसार है।