महिला टी20 वर्ल्ड कप से भारत बाहर, ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से हराया; हरमनप्रीत कौर की तूफानी फिफ्टी भी नहीं बचा सकी टीम

By : hashtagu, Last Updated : June 28, 2026 | 10:21 pm

लंदन (इंग्लैंड)। भारतीय महिला टीम (Indian Women’s Team) का टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) जीतने का सपना टूट गया। लॉर्ड्स (Lord’s) में खेले गए अहम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया (Australia) ने भारत को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की 27 गेंदों में खेली गई तूफानी 56 रन की अर्धशतकीय पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। ऑस्ट्रेलिया ने 171 रन के लक्ष्य को 19 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 170 रन बनाए। भारत को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। शेफाली ने 34 रन बनाए, जबकि स्मृति 38 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 27 गेंदों में 56 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल रहे। हरमनप्रीत ने जेमिमा रोड्रिग्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। जेमिमा ने 34 रन बनाए, लेकिन उन्हें रिटायर्ड आउट होना पड़ा। पारी के आखिरी ओवर में हरमनप्रीत ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिन्यू की लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाकर भारत का स्कोर 170 रन तक पहुंचाया।

171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने पहले ही ओवर में जॉर्जिया वोल को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद एन श्री चरणी ने फीबी लिचफील्ड और दीप्ति शर्मा ने बेथ मूनी का विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को शुरुआती झटके दिए। एक समय ऑस्ट्रेलिया दबाव में नजर आ रही थी।

हालांकि अनुभवी एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर मैच का पूरा रुख बदल दिया। एलिस पेरी ने 56 रन की अहम पारी खेली, जबकि एश्ले गार्डनर 53 रन बनाकर नाबाद लौटीं। दोनों की साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में 4 विकेट पर 172 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और भारत का टूर्नामेंट में सफर यहीं समाप्त हो गया।

प्लेइंग-11

भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), यस्तिका भाटिया, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह और एन श्री चरणी।

ऑस्ट्रेलिया: बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फीबी लिचफील्ड, एलिस पेरी, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिन्यू (कप्तान), लूसी हैमिल्टन और किम गार्थ।