BCCI अध्यक्ष बनेंगे मिथुन मन्हास, 28 सितंबर को होगा ऐलान

नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख रविवार दोपहर तक तय है। चुनाव AGM के दौरान ही होंगे।

  • Written By:
  • Publish Date - September 21, 2025 / 09:20 AM IST

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अगले अध्यक्ष के रूप में मिथुन मन्हास का नाम लगभग तय माना जा रहा है। शनिवार को दिल्ली में एक केंद्रीय मंत्री के घर हुई बैठक में BCCI के शीर्ष अधिकारियों ने मिथुन के नाम पर सहमति जताई। हालांकि, अधिकारिक घोषणा 28 सितंबर को मुंबई में होने वाली बोर्ड की वार्षिक आम बैठक (AGM) के बाद की जाएगी।

नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख रविवार दोपहर तक तय है। चुनाव AGM के दौरान ही होंगे। 2019 में संविधान में हुए बदलाव के बाद आमतौर पर ऐसे चुनाव में उम्मीदवार निर्विरोध चुने जाते हैं।

मिथुन मन्हास BCCI के पहले ऐसे अध्यक्ष बनेंगे जिन्होंने कभी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। हालांकि, उनके पास 157 फर्स्ट क्लास मैचों का अनुभव है। वे IPL में दिल्ली डेयरडेविल्स, पुणे वॉरियर्स और चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेल चुके हैं। साथ ही जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (JKCA) में प्रशासक रह चुके हैं और BCCI की AGM में भाग भी ले चुके हैं।

BCCI अध्यक्ष पद के लिए पहले पूर्व कप्तान सौरव गांगुली, हरभजन सिंह, कर्नाटक के रघुराम भट्ट और पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे के नाम भी चर्चा में थे।

70 वर्ष की उम्र पार करने के बाद रोजर बिन्नी को पद छोड़ना पड़ा। इसके बाद राजीव शुक्ला को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। BCCI के नियमों के अनुसार, कोई भी 70 वर्ष की उम्र के बाद अध्यक्ष पद पर नहीं रह सकता।

बोर्ड की 94वीं AGM 28 सितंबर को मुंबई में होगी। इसी दिन दुबई में एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला भी खेला जाएगा। AGM में IPL और WPL की गवर्निंग काउंसिल का चुनाव भी किया जाएगा।