भारतीय क्रिकेट के ‘अमर-अकबर-एंथनी’: रांची में धोनी, विराट और पंत की तिकड़ी छाई

इस बीच लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी इन तीनों की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें धोनी, कोहली और पंत साथ में डिनर करते दिखाई दे रहे हैं।

  • Written By:
  • Publish Date - November 28, 2025 / 11:05 PM IST

रांची: भारतीय क्रिकेट के तीन दिग्गज—महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni), विराट कोहली और ऋषभ पंत—रांची में एक साथ नजर आए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरों की बाढ़ आ गई। पिछले 12–14 घंटों से वायरल हो रहे वीडियो में विराट कोहली, एमएस धोनी की गाड़ी में उनके घर जाते और फिर वहीं से लौटते दिखाई दे रहे हैं। एक अन्य वीडियो में ऋषभ पंत भी धोनी के घर पहुंचते नज़र आए, हालांकि फैन्स उन्हें देखकर रोहित का नाम पुकारते रहे।

इस बीच लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी इन तीनों की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें धोनी, कोहली और पंत साथ में डिनर करते दिखाई दे रहे हैं। टीम ने मज़ाक में लिखा—”हेटर्स इसे AI कहेंगे”, जबकि तस्वीर में तीनों क्रिकेटर आरामदायक अंदाज़ में, बिना किसी दबाव के, साथ भोजन करते नज़र आते हैं।

जानकारी के मुताबिक रांची वनडे से पहले धोनी ने विराट कोहली और ऋषभ पंत को अपने घर डिनर पर बुलाया। विराट कोहली होटल से अपनी गाड़ी में धोनी के घर पहुंचे और थोड़ी देर बाद ऋषभ पंत भी पहुंच गए।

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज़ का पहला मैच रविवार, 30 नवंबर 2025 को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा। तीनों खिलाड़ियों की ये मुलाकात सीरीज़ से पहले फैन्स के लिए किसी सरप्राइज़ से कम नहीं रही।