मुल्लांपुर (पंजाब): आईपीएल 2026 (IPL 2026) के क्वालिफायर-2 (Qualifier 2) में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals-RR) की हार के बाद 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) का भावुक (Emotional) होना करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों को भावुक कर गया। टीम के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद वैभव की आंखों में आंसू दिखाई दिए, जिसे देखकर भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन भी खुद को रोक नहीं सके और उन्होंने इस पर भावुक प्रतिक्रिया दी।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार 96 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्के लगाए, लेकिन उनकी यह यादगार पारी राजस्थान रॉयल्स को फाइनल में पहुंचाने के लिए काफी नहीं रही। गुजरात टाइटंस ने मुकाबला 7 विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बना ली।
मैच खत्म होने के बाद वैभव सूर्यवंशी काफी निराश नजर आए। डगआउट में बैठे युवा बल्लेबाज की आंखों में आंसू थे और उनका चेहरा पूरी तरह मायूस दिखाई दे रहा था। इस दृश्य पर प्रतिक्रिया देते हुए रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि वैभव का चेहरा देखकर उनका दिल टूट गया। अश्विन ने कहा, “उसके चेहरे को देखिए, वह अभी छोटा बच्चा है।” उनकी यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स के प्रदर्शन पर भी निराशा जताई और कहा कि टीम वैभव की शानदार पारी का फायदा नहीं उठा सकी। उनका मानना है कि जिस तरह वैभव ने पूरे सीजन में बल्लेबाजी की, टीम को उनके प्रदर्शन का बेहतर साथ देना चाहिए था।
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में लगातार शानदार बल्लेबाजी कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है। क्वालिफायर-2 में 96 रन की पारी के अलावा उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कई रिकॉर्ड बनाए और राजस्थान रॉयल्स के सबसे बड़े मैच विनर खिलाड़ियों में शामिल रहे। उनकी बल्लेबाजी की तारीफ कुमार संगकारा, रियान पराग, अमिताभ बच्चन समेत कई दिग्गज कर चुके हैं।
राजस्थान रॉयल्स के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद वैभव ने सोशल मीडिया पर भी अपनी निराशा जाहिर की। टीम के हारने और फाइनल में नहीं पहुंच पाने का दुख उनके चेहरे पर साफ दिखाई दिया। हालांकि क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ 15 साल की उम्र में जिस स्तर का प्रदर्शन वैभव ने किया है, वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है।