मुंबई इंडियंस छोड़ सकते हैं हार्दिक पंड्या! रिपोर्ट में दावा- मानसिक दबाव और थकान से परेशान कप्तान
By : hashtagu, Last Updated : May 29, 2026 | 5:16 pm
मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) और मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के कप्तान हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक पंड्या आईपीएल 2026 (IPL 2026) के खराब सीजन के बाद मानसिक दबाव (Mental Stress) और लगातार थकान (Exhaustion) से जूझ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट को साफ संकेत दे दिया है कि अब वह इस माहौल से “तंग आ चुके हैं” और टीम छोड़ने पर विचार कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस का यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा। टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई और कप्तान हार्दिक पंड्या लगातार आलोचनाओं के निशाने पर रहे। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हार्दिक मानसिक रूप से काफी परेशान और पूरी तरह थक चुके हैं। टीम के लगातार खराब प्रदर्शन और कप्तानी को लेकर बढ़ते दबाव ने उन पर असर डाला है।
हार्दिक पंड्या की कप्तानी को लेकर पिछले दो सीजन से लगातार सवाल उठ रहे हैं। रोहित शर्मा की जगह कप्तानी संभालने के बाद उन्हें फैंस के विरोध और सोशल मीडिया ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम अंक तालिका में नीचे रही और टीम के प्रदर्शन को लेकर ड्रेसिंग रूम माहौल पर भी सवाल खड़े हुए।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि हार्दिक पंड्या फिटनेस समस्याओं से भी जूझते रहे। कुछ मैचों में वह बैक स्पाज्म और चोट की परेशानी के कारण उपलब्ध नहीं थे। उनके टीम के साथ यात्रा नहीं करने और अलग रहने की खबरों ने भी अटकलों को और बढ़ा दिया।
हालांकि अभी तक मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी या खुद हार्दिक पंड्या की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन रिपोर्ट्स के बाद क्रिकेट जगत में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि अगर हार्दिक टीम छोड़ते हैं तो मुंबई इंडियंस नए कप्तान की तलाश कर सकती है। जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा के नाम संभावित कप्तानी विकल्पों में चर्चा में हैं।
मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमों में गिनी जाती है, लेकिन पिछले कुछ सीजन में टीम का प्रदर्शन लगातार गिरा है। ऐसे में हार्दिक पंड्या का संभावित फैसला फ्रेंचाइजी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।




