RCB देगी हादसे में मारे गए लोगों के परिवार को 25-25 लाख, सोशल मीडिया पर की घोषणा
By : hashtagu, Last Updated : August 30, 2025 | 12:05 pm
बेंगलुरु: आईपीएल 2025 जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर विक्ट्री परेड निकाली थी। इसी दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 33 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। अब RCB ने सभी मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
RCB ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। टीम ने कहा कि वह इस दुखद घटना में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
कैसे हुआ हादसा?
विक्ट्री परेड के लिए बड़ी संख्या में लोग चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंचे थे। अनुमानित रूप से लाखों लोग सड़कों पर जमा थे। भारी भीड़ के कारण एंट्री गेट पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने दीवार फांदने की कोशिश की। इसी दौरान भगदड़ मच गई।
मृतकों की उम्र 35 से कम, सबसे छोटी पीड़िता 13 साल की
मरने वालों में सभी 35 साल से कम उम्र के थे। सबसे छोटी दिव्यांशी सिर्फ 13 साल की थी। अन्य मृतकों में भूमिक (20), सहाना (25), अक्षता (27), मनोज (33), श्रवण (20), देवी (29), शिवलिंगा (17), चिन्नैया (19), प्रज्वल (20) और दोरेशा (32) शामिल हैं।
ये सभी RCB की जीत का जश्न मनाने आए थे, लेकिन अफसोस, यह खुशी एक दर्दनाक हादसे में बदल गई।

कोहली ने जताया था दुख
हादसे के बाद विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर लिखा था, “पूरी तरह टूट चुका हूं। मेरे पास शब्द नहीं हैं।” उन्होंने एक हार्टब्रेक इमोजी भी पोस्ट किया।
सरकार की जांच रिपोर्ट में RCB को जिम्मेदार ठहराया गया
17 जुलाई को कर्नाटक सरकार की जांच रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें RCB को आयोजन की अनुमति न लेने का दोषी ठहराया गया था। रिपोर्ट में कहा गया कि अगर आयोजन रद्द किया जाता तो हिंसा भड़क सकती थी। इसी कारण परेड को रोका नहीं गया।




