मुंबई | आईपीएल 2025 9IPL 2025) के रोमांचक 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने मुंबई इंडियंस (MI) को आखिरी गेंद पर 3 विकेट से शिकस्त देकर अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। बारिश से प्रभावित यह संघर्षपूर्ण मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जहां दर्शकों ने हर गेंद पर सांसें थामकर खेल का लुत्फ उठाया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। रायन रिकलटन बिना खाता खोले दूसरी ही गेंद पर पवेलियन लौट गए, वहीं रोहित शर्मा भी जल्द ही सस्ते में आउट हो गए। तीसरे नंबर पर आए विल जैक्स ने संघर्ष करते हुए 50 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और सूर्यकुमार यादव (34) ने उनका साथ निभाया।
अंत में कॉर्बिन बॉश के तेज़ 27 रनों की बदौलत मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन बनाए। गुजरात के लिए साई किशोर ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, राशिद खान, अरशद खान और कोट्ज़े को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत लड़खड़ाती रही। साईं सुदर्शन केवल 6 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद कप्तान शुभमन गिल (43) और जोस बटलर (30) के बीच 72 रनों की साझेदारी ने पारी को संभाला।
इम्पैक्ट प्लेयर बने रदरफोर्ड ने 15 गेंदों में 28 रन बनाकर रनरेट को गति दी। बारिश के कारण दूसरी पारी को घटाकर 19 ओवर कर दिया गया। आखिरी दो ओवर में गुजरात को 24 रन की जरूरत थी और 4 विकेट शेष थे। दबाव भरे क्षणों में गुजरात ने संयम नहीं खोया।
आखिरी गेंद पर जीत के लिए 1 रन चाहिए था, जिसे टीम ने आसानी से पूरा कर लिया और मुकाबला 3 विकेट से अपने नाम कर लिया।
मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और अश्विनी कुमार ने दो-दो विकेट झटके, जबकि दीपक चाहर को एक सफलता मिली। लेकिन अंत के ओवरों में नियंत्रण बनाए रखने में चूक हो गई, जिसका खामियाजा टीम को हार के रूप में भुगतना पड़ा।