विराट कोहली के शतक से RCB की धमाकेदार जीत, KKR को 6 विकेट से हराकर बनी टेबल टॉपर

By : hashtagu, Last Updated : May 14, 2026 | 12:38 am

रायपुर: विराट कोहली (Virat Kohli) के शानदार शतक और देवदत्त पडिक्कल की अहम पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से हरा दिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बेंगलुरु ने 193 रन का लक्ष्य 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ RCB अंक तालिका में टेबल टॉपर बन गई है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 192 रन बनाए। टीम के लिए अंगकृष रघुवंशी ने सबसे ज्यादा 46 गेंदों में 71 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इनिंग में 7 चौके और 3 छक्के लगाए। आखिर के ओवरों में रिंकू सिंह ने तेजी से रन बटोरते हुए 29 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए।

KKR को फिन एलन ने तेज शुरुआत दिलाई और 8 गेंदों में 18 रन बनाए। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 13 गेंदों में 19 रन का योगदान दिया, जबकि कैमरन ग्रीन ने 24 गेंदों में 32 रन बनाए। बेंगलुरु की ओर से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम डार को 1-1 विकेट मिला।

193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को विराट कोहली ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा और टीम को जीत तक पहुंचाया। देवदत्त पडिक्कल ने भी अहम 39 रन बनाकर कोहली का अच्छा साथ निभाया। अंत में टीम ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

बेंगलुरु की इस जीत के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और प्लेऑफ की दौड़ में उसकी स्थिति और मजबूत हो गई है। वहीं कोलकाता को इस हार से बड़ा झटका लगा है।

बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन में विराट कोहली, जैकब बेथेल, कप्तान रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, वेंकटेश अय्यर, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी और रसिख सलाम शामिल रहे। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर देवदत्त पडिक्कल खेले।

कोलकाता की टीम में अजिंक्य रहाणे, फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी और वैभव अरोड़ा शामिल थे।