केएल राहुल ने शतक जड़ रचा इतिहास, रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा

By : dineshakula, Last Updated : October 3, 2025 | 12:23 pm

अहमदाबाद, गुजरात:  अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाज़ केएल राहुल (KL Rahul) ने शानदार शतक लगाकर इतिहास रच दिया। यह उनके टेस्ट करियर का 11वां शतक है। खास बात यह रही कि उन्होंने बतौर ओपनर 10वां टेस्ट शतक लगाकर रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। रोहित शर्मा के नाम बतौर ओपनर 9 टेस्ट शतक थे।

केएल राहुल अब भारत के चौथे ऐसे ओपनर बन गए हैं, जिन्होंने टेस्ट में 10 या उससे ज्यादा शतक लगाए हैं। इस सूची में सुनील गावस्कर 33 शतक के साथ सबसे ऊपर हैं, इसके बाद वीरेंद्र सहवाग 22 और मुरली विजय 12 शतक के साथ शामिल हैं।

टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर:

  • सुनील गावस्कर – 33 शतक (203 पारियां)

  • वीरेंद्र सहवाग – 22 शतक (168 पारियां)

  • मुरली विजय – 12 शतक (100 पारियां)

  • केएल राहुल – 10 शतक (94 पारियां)

  • गौतम गंभीर – 9 शतक (101 पारियां)

  • रोहित शर्मा – 9 शतक (66 पारियां)

शतक के अलावा राहुल ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह अब टेस्ट क्रिकेट में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें भारतीय ओपनर बन गए हैं। उनका यह 26वां 50+ स्कोर है। इस सूची में गावस्कर 75 बार, सहवाग 51 बार, गंभीर 31 बार और विजय 27 बार 50+ स्कोर कर चुके हैं।

टेस्ट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय ओपनर:

  • सुनील गावस्कर – 75 बार (203 पारियां)

  • वीरेंद्र सहवाग – 51 बार (168 पारियां)

  • गौतम गंभीर – 31 बार (101 पारियां)

  • मुरली विजय – 27 बार (100 पारियां)

  • केएल राहुल – 26 बार* (94 पारियां)

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भी राहुल का प्रदर्शन शानदार रहा है। वह अब WTC में भारतीय ओपनरों में तीसरे सबसे ज्यादा 50+ स्कोर करने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। राहुल ने अब तक 11 बार WTC में 50+ स्कोर किया है।

WTC में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर करने वाले भारतीय ओपनर:

  • यशस्वी जायसवाल – 18 बार (47 पारियां)

  • रोहित शर्मा – 17 बार (66 पारियां)

  • केएल राहुल – 11 बार* (44 पारियां)

  • मयंक अग्रवाल – 8 बार (31 पारियां)

  • शुभमन गिल – 6 बार (29 पारियां)

  • चेतेश्वर पुजारा – 1 बार (3 पारियां)

  • पृथ्वी शॉ – 1 बार (6 पारियां)

इसके अलावा केएल राहुल ने एक अनोखा रिकॉर्ड भी छू लिया है। टेस्ट क्रिकेट में अहमदाबाद की पिच पर दूसरी पारी में आखिरी बार कोई भारतीय बल्लेबाज नाबाद अर्धशतक 1987 में बना पाया था। तब कपिल देव ने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 50 रन बनाए थे। अब 38 साल बाद राहुल ने भी अहमदाबाद में दूसरी पारी में नाबाद अर्धशतक जड़ा और कपिल देव की बराबरी कर ली।

राहुल की यह पारी भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड ही नहीं तोड़े, बल्कि भारतीय ओपनरों की फेहरिस्त में अपनी जगह और भी मजबूत कर ली है।