45 साल के नितिन नबीन बने BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ में सत्ता दिलाने वाले नेता को मिली बड़ी जिम्मेदारी

By : hashtagu, Last Updated : December 14, 2025 | 7:30 pm

पटना/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार सरकार में मंत्री और छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन (Nitin Nabin) को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। रविवार को भाजपा के पार्लियामेंट्री बोर्ड के फैसले की जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। 45 वर्षीय नितिन नबीन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे। भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था, जिनका कार्यकाल 2024 में समाप्त हो गया था और वे एक्सटेंशन पर थे। वर्तमान में जेपी नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं।

नितिन नबीन बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। वे वर्ष 2010 से विधायक हैं और 2025 के विधानसभा चुनाव में भी बांकीपुर सीट से जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे हैं। वे बिहार सरकार में मंत्री हैं और इससे पहले भी कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। नितिन नबीन भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे नबीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ में भाजपा को सत्ता में लाने में नितिन नबीन की भूमिका अहम मानी जाती है। वे फिलहाल छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी हैं। संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय में उनकी भूमिका को प्रभावी माना गया है। छत्तीसगढ़ विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा की जीत को उनकी हालिया बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पहले वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री भी रह चुके हैं। वर्ष 2023 में उन्हें पहली बार छत्तीसगढ़ भाजपा का को-इंचार्ज बनाया गया था, जब ओम माथुर प्रदेश प्रभारी थे।

नितिन नबीन की नियुक्ति को संगठन को मजबूत करने और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनकी संगठनात्मक क्षमता और चुनावी अनुभव का लाभ भाजपा को कई राज्यों में मिलेगा।

इस नियुक्ति पर कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने नितिन नबीन को बधाई दी और कहा कि यह भाजपा का आंतरिक फैसला है, लेकिन इससे यह भी संकेत मिलता है कि फुल-टाइम राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी के भीतर असंतोष उभर सकता है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और गृहमंत्री विजय शर्मा ने नितिन नबीन को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने कहा कि उनका मार्गदर्शन संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा और युवा नेतृत्व पर पार्टी के भरोसे को दर्शाता है। उनके नेतृत्व में विधानसभा, लोकसभा और निकाय-पंचायत चुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक सफलता मिली है।

फिलहाल नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। भविष्य में यदि उन्हें भाजपा का पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है तो वे पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे।