आदिवासियों का अपमान और शोषण ही कांग्रेस का चरित्र-BJP प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर

By : hashtagu, Last Updated : August 10, 2024 | 8:27 pm

  • भाजपा ने कांग्रेस पर दागे सवाल महिला आदिवासी राष्ट्रपति न बने ऐसा प्रयास क्यों किया,छत्तीसगढ़ में कभी किसी आदिवासी को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया?
  • आदिवासियों का अपमान और शोषण ही कांग्रेस का चरित्र:देवलाल ठाकुर
  • रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर (BJP State spokesperson Devlal Thakur) ने कहा है कि झूठ का बाजार सजाकर अफवाह व भ्रम फैलाकर अब कांग्रेस विश्व आदिवासी दिवस को लेकर ओछी राजनीति कर रही है। ठाकुर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज (State Congress President Deepak Baij) भी अब आलाकमान के सामने अपना नंबर बढ़ाने की कवायद करके सत्य और तथ्य से परे बातें करने लगे हैं। बैज के बयान से यह साफ हो गया है कि आदिवासी विरोधी कांग्रेस अपने राजनीतिक आचरण से सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली की उक्ति को चरितार्थ कर रही है।

    भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने कहा दरअसल कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा है नहीं, इसलिए ऊलजलूल बयानबाजी करके अपने राजनीतिक वजूद की आखिरी लड़ाई से जूझ रही है। भाजपा की प्रदेश सरकार ने आदिवासियों को जो सम्मानजनक स्थान देकर उनके सर्वतोमुखी कल्याण का सतत चिंतन करते हुए जो काम किया है, उससे कांग्रेस का आदिवासी विरोधी डीएनए जगजाहिर हो रहा है और इसीलिए कांग्रेसी जब-तब झूठ का सहारा लेकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का हास्यास्पद उपक्रम करते रहते हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि बेसिरपैर की बयानबाजी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके अनुषांगिक संगठनों को घसीटने की बुरी लत के शिकार कांग्रेस के लोग पहले अपने और अपनी पिछली भूपेश सरकार के आदिवासी विरोधी कारनामों को याद कर लिया करें।

    • भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को आदिवासियों और आदिवासी संस्कृति के बारे में बात करने का कोई हक नहीं है। कांग्रेस ने कभी भी छत्तीसगढ़ राज्य के लिए काम नहीं किया। आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ को एक पूर्ण राज्य का दर्जा भाजपा ने दिया।आदिवासी महिला जब राष्ट्रपति बन रही थी, तो कांग्रेस ने पूरा विरोध किया और द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति नहीं बनने देने के लिए पूरा दम लगाया और पूरी कोशिश की कि एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति न बन पाए। भारतीय जनता पार्टी ने ही आदिवासियों के लिए छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया, यह सही मायने में आदिवासियों का सम्मान है, एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाया यह आदिवासियों का सम्मान है, एक आदिवासी को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया, यह सही मायने में आदिवासियों का सम्मान है, देश के 63 हजार ग्रामों के 5 करोड़ आदिवासियों के लिए प्रधानमंत्री जनजाति उन्नत ग्राम योजना का संकल्प सही मायने में आदिवासियों का सम्मान है।

    भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के राज में तो लगातार आदिवासियों का शोषण हुआ है, उन्हें कोई पद नहीं मिला है और जिन्हें पदों पर बिठाया गया, उन्हें कठपुतली बनकर बिठाया गया। मोहन मरकाम को किस प्रकार से अपमानित किया गया था, यह सबने देखा है। खुद दीपक बैज का क्या हाल है, यह पूरी कांग्रेस देख ही रही है, जिन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुले तौर पर हमेशा अपमानित करते रहे, मोहन मरकाम को अपमानित करते रहे, जितने और भी आदिवासी नेता हैं, वे कांग्रेस मे हमेशा हाशिए पर रहे। श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों का शोषण करती रही है।

    • भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने यह भी कहा कि ‘वर्ल्ड इंडीजेनस डे’ का भारतीय संस्कृति के हिसाब से यहाँ कोई बड़ा महत्व नहीं है। भारतीय जनता पार्टी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को धूमधाम से मनाएगी जो आदिवासी समाज से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे हैं। ठाकुर ने सवाल दागा कि भगवान बिरसा मुंडा के प्रति भाजपा और संघ-परिवार की श्रद्धा को लेकर कांग्रेस क्यों खम्भा नोच रही है? हमारे लिए हर आदिवासी महानायक श्रद्धा केंद्र हैं, जिन्होंने देश के स्वाधीनता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि दीपक बैज के नाम से कुछ झूठ फैला कर कांग्रेस अपने आदिवासी विरोधी कृत्यों की ज़िम्मेदारी से पीछा नहीं छुड़ा सकती। कांग्रेस को पचास वर्ष तक आदिवासियों का शोषण करने, उन्हें अपमानित करते रहने के लिए माफी प्रायश्चित करना चाहिये।

    यह भी पढ़ें : बस्तर अंचल में राज्य सरकार द्वारा पर्यटन को दिया जा रहा है बढ़ावा-वन मंत्री केदार कश्यप