पीएम मोदी ने जेएमएम-कांग्रेस पर नफरती एजेंडा बढ़ाने का लगाया आरोप

By : hashtagu, Last Updated : May 28, 2024 | 7:51 pm

दुमका, 28 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने मंगलवार को झारखंड की उपराजधानी दुमका में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राज्य की जेएमएम-कांग्रेस-राजद सरकार (JMM-Congress-RJD government) पर नफरती और सांप्रदायिक एजेंडा को प्रोत्साहित करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि झारखंड ही पहला राज्य है, जहां से लव जिहाद शुरू हुआ। यह शब्द झारखंड वालों ने दिया है। अंग्रेजों के समय से दो सौ सालों से देश में रविवार को छुट्टी हुआ करती है। इसका जुड़ाव ईसाई समाज से है। लेकिन, इन लोगों ने संथाल परगना के एक जिले में रविवार के बदले शुक्रवार की छुट्टी लागू करा दी। मतलब, पहले हिंदुओं से झगड़ा अब ईसाइयों से झगड़ा। यह इनकी सांप्रदायिक राजनीति का खतरनाक उदाहरण है। मोदी इनका नफरती प्रोपेगेंडा फेल करके रहेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड में एक बड़ा संकट घुसपैठियों का हो गया है। हमारा संथाल परगना तो घुसपैठियों की बड़ी चुनौती से जूझ रहा है। इसका परिणाम क्या हो रहा है? कई इलाकों में घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है और आदिवासियों की संख्या घट रही है। घुसपैठियों के कारण यहां की बेटियों की जिंदगी खतरे में है। वे आदिवासियों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। 50-50 टुकड़े करके बेटियों की हत्या हो रही है। किसी को आग में झोंक दिया जा रहा है तो किसी की जुबान खींच ली जा रही है।

उन्होंने कहा कि आदिवासी बेटियों को निशाना बनाने वालों को यहां की जेएमएम सरकार पाल-पोस रही है। इंडी गठबंधन पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इनका फार्मूला है कि घोर सांप्रदायिक राजनीति करो, तुष्टीकरण करो, अलगाववादियों को संरक्षण दो।

यह भी पढ़ें :लंदन में यूके रॉयल अवॉर्ड से सम्मानित हुईं बहराइच की महिला रिक्शा चालक

यह भी पढ़ें :चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद पीएम मोदी जाएंगे कन्याकुमारी, विवेकानंद रॉक मेमोरियल पर करेंगे ध्यान