एग्जिट पोल पर रमन-भूपेश के दावे! गिनाए ‘जीत’ के कारण

By : hashtagu, Last Updated : November 30, 2023 | 9:38 pm

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव (Chhattisgarh assembly elections) के लिए नतीजे 3 दिसंबर को सामने आएंगे। उससे पहले शुक्रवार शाम जारी हुए एग्जिट पोल के मुताबिक, प्रदेश में कांग्रेस को बढ़त (Congress has lead in the state) मिलती दिखाई दे रही है। हालांकि एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं।

  • एक चैनल को दिए इंटरव्यू में भूपेश बघेल ने 60 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि, हम फिर से सरकार बनाने जा रहे हैं। वहीं रमन सिंह ने कहा कि, नतीजों में 40 तक भी कांग्रेस नहीं पहुंचेगी। अरुण साव का कहना है कि अधिकांश पोल ने बता दिया कि भाजपा सरकार बना रही है।

भूपेश बोले- ऑपरेशन लोटस को नहीं दे पाएंगे अंजाम

दिल्ली दौरे से वापस लौटे भूपेश बघेल ने कहा कि, एग्जिट पोल चलने दीजिए, लेकिन सरकार हमारी बनेगी और भारी बहुमत से बनेगी। विधायकों को दिल्ली शिफ्ट करने और ऑपरेशन लोटस पर कहा, इसकी बिल्कुल जरूरत नहीं है। हम पूरी बहुमत से आएंगे, हमे अपनी मेहनत पर विश्वास है। वे ऑपरेशन लोटस को अंजाम नही दे पाएंगे।

कांग्रेस ने कहा- भरोसा बरकरार है

प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि, भरोसा बरकरार है। आ रही फिर से कांग्रेस सरकार है। डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि, जहां तक अनुमानों का सवाल है, मैं हमेशा उन्हें गंभीरता से लेता हूं। ये विभिन्न चैनलों और एजेंसियों की ओर से यह अनुमान लगाने का प्रयास है कि चुनाव में क्या हुआ होगा। इसलिए हमें 3 तक इंतजार करना चाहिए।

भाजपा बोली- हर जगह बढ़ा हमारा वोट प्रतिशत

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि, 15 से 46 पहुंचने की कल्पना एग्जिट पोल में दिख रही है। भाजपा 48 और 40 पर नहीं रुकेगी, 52 से 70 सीट जीत कर आएगी। हम बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। एग्जिट पोल में जो बस्तर और सरगुजा का परसेंट दिखाया जा रहा है, वो वोटिंग के आधार पर नहीं है। 3 तारीख को नतीजा आएगा, उसमें कांग्रेस 40 तक भी नहीं पहुंचेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि, अधिकांश पोल ने बता दिया है कि छत्तीसगढ़ में पार्टी मजबूती के साथ सरकार बना रही है। एग्जिट पोल में भाजपा का सर्वाधिक जगह पर वोट प्रतिशत बढ़ा हुआ नजर आ रहा है। कुछ जगहों पर कांग्रेस-भाजपा बराबर की स्थिति में हैं। 3 दिसंबर को मतगणना के बाद भाजपा बहुमत के साथ सरकार में आएगी।

यह भी पढ़ें : मतगणना को लेकर BJP की बड़ी डिमांड! सोनी सहित ‘पुरंदर मिश्रा’ पहुंचे निर्वाचन आयोग