सागर: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सागर जिले में शराब दुकान (Liquor Shop) हटाने की मांग को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शन (Protest) के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता निर्मल रैकवार ने आत्मदाह (Self-immolation) की कोशिश करते हुए खुद पर पेट्रोल (Petrol) डाल लिया, जिसके बाद भीड़ में से किसी व्यक्ति ने आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना छोटी बजरिया के भीम वार्ड की है, जहां पिछले कई दिनों से स्थानीय लोग शराब दुकान हटाने की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष दुकान के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थिति तब बिगड़ गई जब AAP के पूर्व जिला उपाध्यक्ष निर्मल रैकवार ने अचानक अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया।
इस घटनाक्रम से वहां मौजूद लोग हक्के-बक्के रह गए। पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए रैकवार को मौके से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसी बीच सड़क पर गिरे पेट्रोल पर किसी असामाजिक तत्व ने माचिस जला दी, जिससे आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में लपटें फैलने लगीं।
घटना के समय बड़ी संख्या में महिलाएं भी धरने पर बैठी थीं। अगर आग फैल जाती या किसी को चपेट में ले लेती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में संचालित शराब दुकान के कारण माहौल खराब हो रहा है और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और बच्चों को परेशानी होती है। लंबे समय से दुकान हटाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।