ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई 30 मिसाइल हमले में मारे गए, 40 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
By : hashtagu, Last Updated : March 1, 2026 | 1:16 pm
तेहरान: अमेरिका (America) और इजराइल (Israel) के संयुक्त हमले (Joint Attack) में ईरान (Iran) के सुप्रीम लीडर (Supreme Leader) अयातुल्ला अली खामेनेई (Ayatollah Ali Khamenei) की मौत हो गई है। शनिवार को उनके ऑफिस कॉम्प्लेक्स (Office Complex) पर 30 मिसाइलों (Missiles) से हमला किया गया। हमले के समय खामेनेई कमांडर्स के साथ मीटिंग (Meeting) कर रहे थे। इस हमले में उनकी बेटी, दामाद, बहू और पोती समेत कॉम्प्लेक्स में मौजूद 40 कमांडर्स की भी मौत हो गई।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार देर रात खामेनेई के मारे जाने की जानकारी दी थी। इसके कुछ ही देर बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी उनके मारे जाने का दावा किया। रविवार सुबह ईरान की सरकारी मीडिया एजेंसियों ‘तसनीम’ और ‘फार्स’ ने खामेनेई की मौत की पुष्टि कर दी।
खामेनेई के निधन के बाद ईरान में 40 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। साथ ही सात दिन की राष्ट्रीय छुट्टी का ऐलान किया गया है। Islamic Revolutionary Guard Corps ने बयान जारी कर कहा कि देश ने एक महान नेता को खो दिया है और पूरा राष्ट्र शोक में डूबा हुआ है।
हमले के बाद ईरानी सेना ने सबसे खतरनाक अभियान शुरू करने की चेतावनी दी है। सेना ने कहा है कि जल्द ही अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि इतिहास के सबसे क्रूर व्यक्तियों में से एक खामेनेई मारा गया है और यह अमेरिका तथा दुनिया के लिए न्याय है।
इजराइल और अमेरिका ने तेहरान समेत ईरान के 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया। इन हमलों में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 740 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 148 छात्राओं की मौत हो गई और 45 अन्य घायल हो गईं। ईरान ने भी हमलों के जवाब में कई देशों पर जवाबी कार्रवाई की है।



