Single Population: दुनिया में अकेले रहने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और नई रिपोर्ट के अनुसार छह देश ऐसे हैं जहां सबसे बड़ी आबादी सिंगल के रूप में दर्ज की गई है। रिपोर्ट रेडिफ की ताजा स्टडी में सामने आई है जिसमें बताया गया है कि कुछ देशों में आधी आबादी तक अकेले रहना पसंद करती है।
रिपोर्ट के अनुसार स्वीडन दुनिया में सबसे अधिक सिंगल आबादी वाला देश है जहां लगभग 51 प्रतिशत लोग अकेले रहते हैं। दूसरे नंबर पर डेनमार्क है जहां करीब 50 प्रतिशत लोग सिंगल हैं। फिनलैंड 49 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं जर्मनी में 48 प्रतिशत लोग, नॉर्वे में 47 प्रतिशत और फ्रांस में 46 प्रतिशत लोग अकेले रहना चुन रहे हैं।
अकेले रहने की यह प्रवृत्ति इन देशों की जीवनशैली का अहम हिस्सा बन चुकी है जिसमें स्वतंत्रता और व्यक्तिगत स्पेस को प्राथमिकता दी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती आर्थिक स्वतंत्रता शहरीकरण और जीवनशैली में बदलाव की वजह से सिंगल रहने की दर तेजी से बढ़ रही है।
रिपोर्ट में भारत की स्थिति का भी जिक्र किया गया है। 2025 में अनुमानित 1.46 अरब आबादी के साथ भारत में अब लगभग 25 प्रतिशत वयस्क यानी हर चौथा भारतीय सिंगल है। यह आंकड़ा बताता है कि अकेले रहने का चलन भारत में भी तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में यह संख्या और बढ़ सकती है।