सैफुल्लाह से इब्राहिम तक: पाकिस्तान में दो साल में ‘साफ’ किए गए भारत विरोधी 16 आतंकियों की पूरी कुंडली

By : hashtagu, Last Updated : May 19, 2025 | 11:41 am

पाकिस्तान (Pakistan) की सरज़मीं पर भारत विरोधी आतंक की खेती करने वाले एक के बाद एक चेहरे आज मौत की नींद सो चुके हैं। बीते दो सालों में पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों में 16 कुख्यात आतंकवादियों को एक जैसे पैटर्न में ‘अज्ञात हमलावरों’ द्वारा मौत के घाट उतार दिया गया। गोली मारकर की गई इन हत्याओं के पीछे चाहे कोई खुली ज़िम्मेदारी न ली गई हो, लेकिन आतंक के खिलाफ चल रही सर्जिकल स्ट्राइकनुमा यह कार्रवाइयां अपने आप में एक पैगाम देती हैं।

इन सभी आतंकियों का सीधा संबंध भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों, हमलों और घुसपैठ से रहा है। इनमें से कई नाम भारत के मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल थे, तो कुछ ऐसे थे जो पाकिस्तान में बैठकर न सिर्फ भारत में दहशतगर्दी की साजिशें रचते थे, बल्कि आतंकियों की भर्ती, ट्रेनिंग और फंडिंग तक संभालते थे। आइए जानते हैं इन 16 आतंकियों की एक-एक कर कुंडली।

  1. अबू सैफुल्लाह (राजुल्लाह निजामनी) – लश्कर ए तैयबा का बड़ा आतंकी, नागपुर में RSS हेडक्वार्टर पर हमले में शामिल, नेपाल में लश्कर मॉड्यूल संचालित कर रहा था। सिंध के मातली में गोली मारकर हत्या।

  2. नदीम उर्फ अबू कताल – 26/11 के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का रिश्तेदार, जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी हमलों में शामिल। मार्च 2025 में झेलम के दीना में मारा गया।

  3. मौलाना काशिफ अली – लश्कर की राजनीतिक शाखा का प्रमुख, हाफिज सईद का बहनोई। फरवरी 2025 में खैबर पख्तूनख्वा में घर पर हमला करके मारा गया।

  4. मुफ्ती शाह मीर – हथियार तस्कर और जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम से जुड़ा, कुलभूषण यादव के अपहरण में मददगार। मार्च 2025 को बलूचिस्तान में मस्जिद के बाहर मारा गया।

  5. रहीम उल्लाह तारिक – जैश-ए-मोहम्मद का वरिष्ठ आतंकी, मसूद अजहर का करीबी। नवंबर 2023 में कराची में धार्मिक सभा जाते समय मारा गया।

  6. अकरम गाजी – लश्कर का भर्ती प्रमुख, भारत विरोधी भाषणों के लिए कुख्यात। बाजौर जिले में मारा गया।

  7. ख्वाजा शाहिद – सुंजवान आर्मी कैंप हमले का मास्टरमाइंड। नवंबर 2023 में अगवा कर नियंत्रण रेखा के पास सिर कटा शव मिला।

  8. मौलाना जिया-उर-रहमान – युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर भारत के खिलाफ भड़काता था। सितंबर 2023 में कराची में मारा गया।

  9. कारी एजाज आबिद – मसूद अजहर का करीबी, अप्रैल 2025 को खैबर में अज्ञात हमलावरों ने गोलियां बरसाईं, अस्पताल में मौत।

  10. दाऊद मालिक – लश्कर-ए-जब्बार का संस्थापक, अक्टूबर 2023 को उत्तरी वजीरिस्तान में मारा गया।

  11. अदनान अहमद उर्फ हंजला अदनान – पंपोर हमला और उधमपुर साजिश में शामिल, दिसंबर 2023 को कराची में हमला, बाद में अस्पताल में मौत।

  12. बशीर अहमद पीर उर्फ इम्तियाज आलम – हिजबुल का लॉन्चिंग चीफ, फरवरी 2023 को रावलपिंडी में मारा गया।

  13. जहूर इब्राहिम उर्फ मिस्त्री – जैश का आतंकी, IC-814 हाईजैक में शामिल। मार्च 2022 को फर्नीचर गोदाम के बाहर मारा गया।

  14. मेजर दानियाल – ISPR अधिकारी, बारामूला में सैन्य काफिले पर हमले का मास्टरमाइंड। मार्च 2025 को पेशावर में मारा गया।

  15. रियाज अहमद – ढांगरी आतंकी हमले का मास्टरमाइंड, जनवरी 2023 को POK के रावलकोट में मारा गया।

  16. परमजीत सिंह पंजवार – खालिस्तान कमांडो फोर्स का प्रमुख, मई 2023 को लाहौर में मॉर्निंग वॉक के दौरान मारा गया।

इन हत्याओं में शामिल हमलावरों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, लेकिन इनका तरीक़ा और लक्ष्य साफ दिखाते हैं कि यह कोई सामान्य आपराधिक घटनाएं नहीं हैं, बल्कि सुनियोजित टारगेटेड किलिंग हैं। यह एक मजबूत संदेश है कि आतंक का ठिकाना चाहे जहां हो, हिसाब चुकता ज़रूर होगा।