नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि वह पीएम मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक (Big Fan) हैं और भारत हमेशा अमेरिका पर भरोसा (Count On) कर सकता है। ट्रंप ने कहा कि भारत को अगर किसी मदद की जरूरत होगी तो अमेरिका पूरी तरह उसके साथ खड़ा रहेगा।
ट्रंप ने यह बयान नई दिल्ली में आयोजित अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वर्चुअल संबोधन में दिया। इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर मौजूद थे।
अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा, “मैं भारत से प्यार करता हूं। पीएम मोदी मेरे दोस्त हैं। भारत और अमेरिका पहले कभी इतने करीब नहीं रहे। भारत मुझ पर और हमारे देश पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है। भारत को जो चाहिए, वह मिलेगा। मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं।”
ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी और रणनीतिक सहयोग तेजी से बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी कहा कि दोनों देशों के संबंध “नई सफलता के दौर” में प्रवेश कर रहे हैं।
समारोह में मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने “जय हो” गीत की प्रस्तुति दी।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत दौरे पर हैं और दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते और रणनीतिक साझेदारी को लेकर लगातार बातचीत चल रही है। हाल के दिनों में दोनों देशों के रिश्तों को लेकर कई चर्चाएं हुई थीं, लेकिन ट्रंप के इस बयान को भारत-अमेरिका संबंधों के लिए बड़ा सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।