जून के तीसरे हफ्ते में हो सकता है भाजपा अध्यक्ष का चुनाव: सूत्र

By : ira saxena, Last Updated : May 29, 2025 | 11:43 am

नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (BJP में संगठनात्मक स्तर पर एक अहम बदलाव की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव जून के तीसरे सप्ताह में कराया जा सकता है। इस संबंध में पार्टी के उच्च स्तर पर मंथन चल रहा है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हैं, जिनका कार्यकाल पहले ही एक बार बढ़ाया जा चुका है। अब लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी के नेतृत्व में संभावित बदलाव की अटकलें तेज़ हो गई हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व अगले कार्यकाल के लिए नए अध्यक्ष या नये कार्यकाल विस्तार को लेकर रणनीति बना रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, संगठन में संतुलन बनाए रखने और आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अनुभवी और सर्वस्वीकृत चेहरा अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे हो सकता है। हालांकि, पार्टी ने इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

भाजपा संसदीय बोर्ड और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक संभावित रूप से जल्द बुलाई जा सकती है, जिसमें अध्यक्ष चुनाव की तारीख और प्रक्रिया को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।