छत्तीसगढ़ में ‘अंजोर विजन 2047’ का हुआ भव्य विमोचन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले – विकास की नई रफ्तार पकड़ेगा राज्य

By : hashtagu, Last Updated : July 17, 2025 | 10:11 pm

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए तैयार किए गए ‘अंजोर विजन 2047’ दस्तावेज का गुरुवार को राजधानी में भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की संभावनाओं, संसाधनों और भविष्य की रणनीतियों को लेकर एक स्पष्ट विज़न प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “खनिज संपदा से समृद्ध हमारा छत्तीसगढ़, घने वनों से आच्छादित है। यहां की मिट्टी भी उर्वर शक्ति से परिपूर्ण है। यह प्रदेश अपार संभावनाओं से भरा है और तेज़ी से तरक्की कर सकता है।” उन्होंने कहा कि यह विज़न डॉक्यूमेंट आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को विकसित राज्यों की कतार में लाने का आधार बनेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह योजना केवल दस्तावेज नहीं, बल्कि हर छत्तीसगढ़वासी के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने की दिशा में उठाया गया ठोस कदम है। इसमें उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अधोसंरचना और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि यह विज़न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से प्रेरित है, और छत्तीसगढ़ उस दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं, निवेशकों और नीति-निर्माताओं से आह्वान किया कि वे इस मिशन में सहभागी बनें।

कार्यक्रम के दौरान कई अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। मंच से मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।