ऑपरेशन मानसून: बरसात में नक्सलियों के खिलाफ चलेगा बड़ा अभियान
By : dineshakula, Last Updated : July 24, 2025 | 8:24 am
रायपुर: इस बार बरसात के दौरान नक्सलियों के खात्मे के लिए “ऑपरेशन मानसून” (Operation Monsoon) चलाया जाएगा। इसमें सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को मंत्रालय में आयोजित गृह विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को दी गई। इस बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, डीजीपी अरुणदेव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और सचिव राहुल भगत भी उपस्थित थे।
बैठक में बस्तर से विवेकानंद सिन्हा और पी. सुंदरराज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री को नक्सल ऑपरेशन की स्थिति से अवगत कराया और बताया कि अब तक कितने गांव नक्सल मुक्त किए जा चुके हैं तथा आने वाले दिनों में किन इलाकों में अभियान चलाया जाएगा।
इसके साथ ही उन ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा हुई, जिन्हें नक्सलियों द्वारा मुखबिरी के शक में निशाना बनाया जा रहा है। बैठक में मानसून के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनसे निपटने की रणनीति पर भी विस्तार से बात हुई।
गृह मंत्री ने इनामी और फरार नक्सलियों की जानकारी भी ली। यह एक गोपनीय बैठक थी, जिसमें पुलिस के सभी अधिकारियों को शामिल नहीं किया गया। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक के बाद जल्द ही एक बड़ा नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया जा सकता है।
वीआईपी सुरक्षा को लेकर समीक्षा
बैठक में इंटेलिजेंस से जुड़ी जानकारियों के आधार पर वीआईपी सुरक्षा की समीक्षा भी की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में लागू नए कानूनों की स्थिति और उनमें संभावित संशोधनों को लेकर जानकारी ली। साथ ही पुलिस वेलफेयर से जुड़ी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
पुलिस बल को आधुनिक बनाने के लिए किन-किन उपकरणों की आवश्यकता है और इसके लिए कितना बजट अपेक्षित है, इस पर भी चर्चा की गई। पुलिस इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की योजना बनाने की जिम्मेदारी डीजीपी को सौंपी गई।
पुलिस में होंगे 7 हजार से अधिक नए भर्ती
मुख्यमंत्री के साथ पुलिस ढांचे के पुनर्गठन की योजना भी साझा की गई। बताया गया कि आने वाले समय में 7,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी, जिसमें 5,000 आरक्षक, 1,000 आईआरबी (इंडिया रिजर्व बटालियन) और 1,000 बस्तर फाइटर्स शामिल होंगे।



